सीतामढ़ी : मंगलवार से निगम सफाई कर्मचारी अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मियों ने निगम के दफ्तर में तालाबंदी कर जुटता का परिचय देकर जमकर नारेबाजी की।
इस मामले पर नगर निकाय के कर्मियों की 12 सूत्री लंबित मांगों पर प्रधान सचिव नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यालय में वार्ता हुई। दैनिक मजदूरों का नियमितीकरण, समान काम समान वेतन या 18000 से लेकर 21000 रूपए तक वेतन की मांग को लेकर कोई फलाफल नहीं निकल सका। ऐसी स्थिति में बिहार के नगर निकायों में 07 सितंबर से होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल में कोई बदलाव नहीं करते हुए कर्मी हड़ताल पर चले गए।
मजदूर नेता ने कहा कि बिहार के नगर निकायों में होने वाली हड़ताल का मुख्य मुद्दा ग्रुप “डी” के पदों को पुनर्जीवित करना, दैनिक मजदूरों का नियमितीकरण, आउटसोर्स पर रोक, नगर निकायों के स्तर पर ग्रुप “सी” का नियंत्रण और अनुकंपा पर नियुक्ति को जल्द प्रारंभ करना शामिल है। इन प्रमुख मांगों पर जब तक सरकार फैसला नहीं करती है, तब तक इस हड़ताल को किसी भी परिस्थिति में स्थगित नहीं किया जा सकता है। जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी तब तक हड़ताल जारी रहेगी।


















