मंजेश कुमारNDA
पटना: 2025 विधानसभा चुनाव की तैयारी में सभी दल और गठबंधन के नेता जुटे हुए हैं। पक्ष विपक्ष सभी नेता जनता को अपने पक्ष में करने के लिए क्षेत्र का भ्रमण भी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी प्रगति यात्रा पर निकले हुए हैं। इस बीच पिछले कुछ दिनों से बिहार की राजनीतिक जगत में यह चर्चा जोरों पर है कि 2025 विधानसभा चुनाव में एनडीए की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा नीतीश कुमार होंगे या नहीं। दरअसल यह मुद्दा उठा भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह के एक बयान जो उन्होंने एक निजी न्यूज़ चैनल के साथ इन्टरव्यू में कहा था।
अमित शाह के बयान के बाद अब बिहार में विपक्ष इस बात को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है और कह रहा है कि भाजपा अपने फायदे के लिए नीतीश कुमार का उपयोग कर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार को उखाड़ फेंकेगी और बिहार में अगर एनडीए की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री भाजपा के नेता होंगे न कि नीतीश कुमार। इस मुद्दे पर बिहार भाजपा और जदयू के सभी नेता लगातार यह बात स्पष्ट करते हुए दिखाई दे रहे हैं कि बिहार में विधानसभा चुनाव नीतीश के नेतृत्व में ही लड़ा जायेगा।
विपक्ष का हमला
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बाद राजद कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष यह कहने लगा कि भाजपा लंबे समय से नीतीश कुमार को यूज कर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार को भाजपा मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठने देगी। विपक्ष अमित शाह के बयान को आधार बना रहा है और कह रहा है कि भाजपा की यह पुरानी आदत रही है कि वह अपने सहयोगी दलों को खा जाती है और सहयोगी दलों के नेता को भाजपा में शामिल करवा लेती है और यही काम भाजपा नीतीश कुमार के साथ भी करने जा रही है।
एनडीए का जवाब
विपक्ष के सवाल पर एनडीए के नेता लगातार कहते हुए दिखाई देते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जायेगा। भाजपा और खास कर जदयू के नेता लगातार यह कहते हुए दिखाई देते हैं कि बिहार को जंगलराज से नीतीश कुमार ने ही बाहर निकाला है और अभी भी वे ही बिहार में एनडीए के नेता हैं। उन्होंने राज्य के विकास के लिए कई काम किया है और उनके नेतृत्व में बिहार लगातार आगे बढ़ा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बनाया सस्पेंस
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी विपक्ष के सवाल पर कहा कि नीतीश कुमार ही बिहार में एनडीए का चेहरा हैं और भाजपा समेत पूरा एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगा। दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर हमला भी किया और भ्रम फ़ैलाने का आरोप लगाया। हालांकि इस बीच दिलीप जायसवाल ने एक और बयान दे कर सस्पेंस बना दिया है कि हम तो छोटे नेता हैं, एनडीए के चेहरा पर फैसला केंद्रीय नेतृत्व के द्वारा किया जायेगा।
दोनों उपमुख्यमंत्री नीतीश के समर्थन में
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा लगातार कहते हुए दिखाई देते हैं कि जिसे जो बोलना है बोले कहे लेकिन यह साफ है कि बिहार नीतीश कुमार के नेतृत्व में आगे बढ़ा है और आगे भी वहीं एनडीए का नेतृत्व करेंगे। विजय सिन्हा ने साफ साफ शब्दों में कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ने का सवाल ही नहीं उठता है। वहीं दूसरी तरफ अब उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी बयान दिया है और उन्होंने भी स्पष्ट कर दिया है कि नीतीश कुमार ही बिहार एनडीए का चेहरा होंगे।
हालांकि अब बिहार में एनडीए की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होंगे यह तो आने वाला समय बताएगा। लेकिन इस मामले में जदयू भाजपा समेत पूरा एनडीए नीतीश कुमार को ही अपना नेता बता रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ जन सुराज के नेता प्रशांत किशोर ने भी नीतीश कुमार को एनडी का चेहरा बनाना भाजपा की मज़बूरी बताई है। हालांकि प्रशांत किशोर ने यह भी कहा है कि अगर भाजपा नीतीश कुमार को एनडीए का चेहरा बनाती है तो फिर भाजपा और जदयू की हालत 2020 में जदयू की स्थिति से भी बुरी होगी और इसका फायदा जन सुराज को मिलेगा।
https://www.youtube.com/@22scopebihar/videos
यह भी पढ़ें- Nitish Kumar होंगे सीएम का चेहरा तो जन सुराज को होगा फायदा…



















