नालंदा में बनी फिल्म 'कबीर सर का आखिरी लेसन' IFFI के इंडियन पैनोरमा में चयनित हुई है। बिहार की फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की सरकारी पहल तेज हो रही है।
Google पर 22Scope चुनें- नालंदा में बनी हिंदी फिल्म 'कबीर सर का आखिरी लेसन' को IFFI के इंडियन पैनोरमा सेक्शन में चयन मिला है।
- बिहार पवेलियन का उद्घाटन पंकज झा और सागर श्रीवास्तव ने किया, जहां फिल्म निर्माताओं को बिहार की फिल्म नीति और अनुदान सुविधा के बारे में जानकारी दी गई।
- बिहार में फिल्म शूटिंग पर सरकार अधिकतम चार करोड़ रुपये तक अनुदान देती है।
गोवा: इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में बिहार की फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की पहल तेज होती नजर आ रही है। महोत्सव के तीसरे दिन अभिनेता, लेखक और निर्देशक पंकज झा तथा फिल्म निर्माता सागर श्रीवास्तव ने वेव्स फिल्म बाजार में बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया। इस दौरान बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार ने बिहार में फिल्म उद्योग की संभावनाओं, राज्य की फिल्म नीति और शूटिंग के लिए उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि बिहार में फिल्म की शूटिंग करने पर अधिकतम चार करोड़ रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान है।
पंकज झा ने किया बिहार पवेलियन का उद्घाटन
बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के आमंत्रण पर पंकज झा गोवा पहुंचे हैं। यहां ‘पॉलिसी टू पिक्चर: बिहार सिनेमैटिक राइज’ विषय पर चर्चा के दौरान उन्होंने बिहार में फिल्म उद्योग को विकसित करने की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। फिल्म निगम के एमडी प्रणव कुमार ने उनका स्वागत किया और राज्य में फिल्म निर्माण को मजबूत बनाने को लेकर बातचीत की। प्रणव कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार फिल्म जगत से जुड़े लोगों के सुझावों का स्वागत करती है। बिहार में फिल्म शूटिंग की अनुमति लेने से लेकर अनुदान प्राप्त करने तक की प्रक्रिया को सहज और सरल बनाया गया है।
राज्य में फिल्म की शूटिंग करने पर चार करोड़ रुपये तक अनुदान का प्रावधान है। सरकार का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं को बिहार में शूटिंग के लिए आकर्षित करना और राज्य में फिल्म उद्योग का आधार मजबूत करना है। पंकज झा ने बिहार फिल्म नीति लागू करने के लिए राज्य सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अभिनय एक अदृश्य कला है और यह तब सर्वश्रेष्ठ होता है, जब दर्शकों को उसका अभिनय होना महसूस न हो। उन्होंने कहा कि बिहार उनका घर है और यहां फिल्म उद्योग के विकास के लिए वह अपना पूरा समर्थन देंगे।

मार्च में पूर्णिया में होगी हिंदी फिल्म की शूटिंग
बिहार पवेलियन में फिल्म निर्माताओं ने राज्य की फिल्म नीति और शूटिंग से जुड़ी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निर्माता राजन सिंह ने शूटिंग की अनुमति और अनुदान प्रक्रिया को समझने के बाद बताया कि वह मार्च में अपनी अगली हिंदी फिल्म की शूटिंग पूर्णिया में करेंगे। वहीं, निर्माता सागर श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी फिल्म ‘टिया’ बनकर रिलीज के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही बड़े कलाकार के साथ एक बड़े बजट की फिल्म की शूटिंग बिहार में करेंगे।
फिल्म परामर्शी प्रो. अरविंद रंजन दास ने कहा कि IFFI जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिहार की भागीदारी से देश-विदेश के बड़े फिल्म निर्माताओं को राज्य में शूटिंग के लिए प्रोत्साहित करने का अवसर मिलता है। उनके मुताबिक, इस बार बिहार में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मौका मिला है।

‘इंडियन पैनोरमा ‘ का इंडियन पैनोरमा में चयन
बिहार की फिल्म नीति का असर अब फिल्म निर्माण के स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। बिहार में पूरी तरह शूट हुई हिंदी फिल्म ‘कबीर सर का आखिरी लेसन’ की टीम भी बिहार पवेलियन पहुंची। फिल्म का चयन IFFI के इंडियन पैनोरमा सेक्शन में हुआ है। इस उपलब्धि पर फिल्म निगम के संचार परामर्शी कुमार गौरव ने निर्माता-निर्देशक सरफराज, सिनेमेटोग्राफर एवं प्रोडक्शन डिजाइनर असीम बजाज और लेखक रजनीश बाबा मेहता को बधाई दी और सम्मानित किया। निर्माता-निर्देशक सरफराज ने बताया कि फिल्म की शूटिंग नालंदा जिले के बिहारशरीफ में की गई है।
यह कहानी एक बुजुर्ग शिक्षक की है, जो स्मार्ट एजुकेशन को अपनाने की कोशिश करता है। फिल्म बदलाव की कहानी पेश करती है। उन्होंने बिहार में फिल्म शूटिंग का अनुभव साझा करते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान जिला प्रशासन का पूरा सहयोग मिला और अनुमति भी आसानी से मिल गई। उन्होंने इसके लिए फिल्म निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार और नालंदा के जिलाधिकारी का आभार जताया।

शिक्षा और शिक्षक की भूमिका पर सवाल उठाती है फिल्म
फिल्म के लेखक रजनीश बाबा मेहता ने कहा कि किसी लेखक के लिए अपनी लिखी कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत होते देखना खास अनुभव होता है। जब वही कहानी IFFI जैसे प्रतिष्ठित मंच तक पहुंचती है, तो खुशी के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि ‘कबीर सर का आखिरी लेसन’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि शिक्षा, शिक्षक और विद्यार्थी के बीच भावनात्मक रिश्ते को सामने लाने का प्रयास है। कहानी के जरिए यह सवाल उठाया गया है कि तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में क्या शिक्षक की भूमिका और उसके मानवीय अनुभवों की जगह कोई तकनीक ले सकती है।
रजनीश के अनुसार, शिक्षा केवल जानकारी हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि सोचने, समझने और बेहतर इंसान बनने की प्रक्रिया भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ उन्हें शिक्षा और शिक्षक की भूमिका पर विचार करने के लिए प्रेरित करेगी। बिहार पवेलियन में राज्य के पर्यटन विभाग से प्राप्त प्रमुख पर्यटन स्थलों की तस्वीरों और जानकारियों का भी प्रदर्शन किया गया। इसके जरिए फिल्म निर्माताओं को बिहार के पर्यटन स्थलों और शूटिंग लोकेशन की संभावनाओं से परिचित कराने का प्रयास किया गया।
▶ 22Scope के YouTube चैनल पर देखें ताज़ा वीडियो खबरें
IFFI में बिहार पवेलियन का उद्घाटन किसने किया?
अभिनेता, लेखक और निर्देशक पंकज झा तथा फिल्म निर्माता सागर श्रीवास्तव ने वेव्स फिल्म बाजार में बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया।
बिहार में फिल्म शूटिंग पर कितने रुपये तक अनुदान का प्रावधान है?
बिहार में फिल्म की शूटिंग करने पर अधिकतम चार करोड़ रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान है।
'कबीर सर का आखिरी लेसन' फिल्म की शूटिंग कहां हुई?
फिल्म की शूटिंग नालंदा जिले के बिहारशरीफ में की गई है। यह फिल्म एक बुजुर्ग शिक्षक की कहानी है जो स्मार्ट एजुकेशन को अपनाने की कोशिश करता है।
फिल्म 'कबीर सर का आखिरी लेसन' का विषय क्या है?
यह फिल्म शिक्षा, शिक्षक और विद्यार्थी के बीच भावनात्मक रिश्ते को सामने लाने का प्रयास है। तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में शिक्षक की भूमिका पर सवाल उठाती है।
Highlights

















