Patna Food Safety Inspection: बिहार सरकार के खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना और आसपास के इलाकों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान रिलायंस रिटेल लिमिटेड के दो वेयरहाउस, फ्लिपकार्ट के बिहटा स्थित वेयरहाउस और बिग बास्केट के मंहगूपुर चिरौरा स्थित वेयरहाउस में खाद्य सुरक्षा से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर की गई कार्रवाई के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। रिलायंस रिटेल के दोनों प्रतिष्ठानों और बिग बास्केट वेयरहाउस को 14 दिनों के भीतर कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर खाद्य लाइसेंस निलंबित या रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है।
रिलायंस रिटेल के दोनों वेयरहाउस में स्वच्छता संबंधी कमियां
मौजा जेठूली, पटना सिटी स्थित रिलायंस रिटेल के वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज में खाद्य पदार्थ खुले स्थान पर रखे मिले। फर्श पर गंदगी और स्टोर में कबूतर की मौजूदगी से भी स्वच्छता संबंधी समस्याएं सामने आईं। विभाग के अनुसार, ये स्थितियां खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थीं। यहां से मलाई पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं, दीदारगंज, गौरीचक स्थित रिलायंस रिटेल प्रतिष्ठान में खाद्य और अखाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। खाद्य पदार्थों के भंडारण के लिए स्वच्छ वातावरण की कमी भी पाई गई। अधिकारियों ने यहां से हल्दी पाउडर और तीखी मिर्च पाउडर के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे हैं।

फ्लिपकार्ट वेयरहाउस में 293 पैकेट चाय की बिक्री पर रोक
बिहटा स्थित फ्लिपकार्ट वेयरहाउस के निरीक्षण के दौरान टाटा टी गोल्ड के 500 ग्राम वाले पैकेटों पर दर्ज बैच नंबर और कार्टन पर अंकित बैच नंबर में अंतर पाया गया। इसके बाद ऐसे 293 पैकेटों की बिक्री पर रोक लगा दी गई। इनकी अनुमानित कीमत 84,970 रुपये बताई गई है। चायपत्ती की गुणवत्ता जांचने के लिए वैधानिक नमूना भी लिया गया। इसके अलावा टाटा टी गोल्ड चायपत्ती और टाटा हल्दी पाउडर के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
केक-पेस्ट्री समेत कई खाद्य पदार्थ विनष्टीकरण के लिए सौंपे गए
फ्लिपकार्ट वेयरहाउस में निर्धारित और उपयुक्त भंडारण व्यवस्था के अभाव में कई खाद्य पदार्थ भी पाए गए। इनमें केक-पेस्ट्री के 31 पीस, आटे के 170 पैकेट, कुकीज के 70 पैकेट, कॉफी के 60 पैकेट, चिप्स के 24 पैकेट और सीरियल फ्लेक्स सहित अन्य खाद्य सामग्री शामिल थी। विभागीय विज्ञप्ति के अनुसार, इन खाद्य पदार्थों को संबंधित एजेंसी ने अधिकृत कंपनी को विनष्टीकरण के लिए सौंप दिया। इनकी कुल अनुमानित कीमत 48,210 रुपये बताई गई है। निरीक्षण के दौरान 550 टोट बॉक्स यानी सर्विस बॉक्स भी गंदे और क्षतिग्रस्त पाए गए। इनके उपयोग पर तत्काल रोक लगा दी गई। इनकी अनुमानित कीमत 2,67,500 रुपये बताई गई है।
बिग बास्केट को भी 14 दिनों में सुधार का नोटिस
पटना के मंहगूपुर चिरौरा स्थित बिग बास्केट वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान वेगन टोफू गोल्ड, बारबेक्यू सॉस और जीरा पाउडर के नमूने लिए गए। इन्हें गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों को वेयरहाउस में काम करने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था का भी अभाव पाया गया। इन कमियों के मद्देनजर प्रतिष्ठान को 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया है। खाद्य संरक्षा विभाग ने कहा है कि खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों के पालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सभी खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारी है। विभाग ने आगे भी निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
यह भी पढ़ें: Bihar Investment Proposals 2026: बिहार में ₹1.21 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 68 हजार से अधिक रोजगार के अवसर


















