PM Awas Yojana Bihar 2026: बिहार में 2.35 लाख घर तैयार, लाभुकों को मिली चाबी; जानिए PM आवास योजना की पूरी जानकारी

PM Awas Yojana Bihar 2026: बिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बड़ी संख्या में गरीब परिवारों को पक्के घर का लाभ मिला है। पटना के बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने पूर्ण हो चुके 2 लाख 35 हजार आवासों के लाभुकों को घर की चाबी सौंपी। इस दौरान नए चयनित लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत बिहार सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

बिहार में 42 लाख से अधिक PM आवास पूरे

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2016-17 से अब तक बिहार में 49 लाख 17 हजार 344 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 49 लाख 9 हजार 829 आवासों को स्वीकृति दी गई है। मंत्री के अनुसार, इनमें 42 लाख 18 हजार 025 आवास यानी 85.77 फीसदी आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। केंद्र सरकार की ओर से बिहार के लिए 11 लाख 18 हजार 937 नए आवासों को भी स्वीकृति दी गई है।

आवास के साथ मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं का लाभ

श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में गरीब परिवारों को सिर्फ आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि पुराने आवासों की मरम्मत और रंगाई-पुताई के लिए भी सरकारी सहायता दी जाती है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2010 से पहले आवास प्राप्त करने वाले गरीब परिवारों के घरों के मरम्मतीकरण और रंगाई-पुताई के लिए 50 हजार रुपये दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में शामिल भूमिहीन लाभुकों को सरकारी जमीन उपलब्ध होने पर पांच डिसमिल जमीन देने या जमीन खरीदने के लिए राज्य सरकार की ओर से एक लाख रुपये देने की व्यवस्था की गई है।

शौचालय, बिजली और नल का जल भी

मंत्री ने कहा कि आवास योजना के लाभुकों को घर के साथ अन्य बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की सहायता, नल का जल कनेक्शन, बिजली कनेक्शन और 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली जैसी सुविधाओं का लाभ दिए जाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को केवल मकान नहीं, बल्कि बेहतर जीवन के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

PM आवास योजना के दायरे में अब अधिक परिवार

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब प्रतिमाह 15 हजार रुपये तक की आय वाले लोगों को भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि पांच एकड़ तक सिंचित और 2.5 एकड़ तक असिंचित भूमि वाले किसानों तथा बाइक रखने वाले लोगों को भी योजना के लाभ के दायरे में लाने का फैसला किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने बिहार में फसल बीमा योजना लागू करने की जानकारी भी दी। साथ ही, स्थानीय शिल्पकारों और विशेष रूप से जीविका के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक जिले में सी-मार्ट बनाने की घोषणा की।

लाभुकों को मिली घर की चाबी

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लाभुकों को उनके पूर्ण आवास की चाबी सौंपी गई। इस मौके पर श्रवण कुमार ने इसे बिहार के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया और लाभुक परिवारों के बेहतर जीवन की कामना की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सुनील कुमार, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता समेत ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

PM Awas Yojana Bihar 2026 1

यह भी पढ़ें: Bihar SDG Conclave 2026: बिहार में विकास की नई रणनीति पर मंथन, SDG Conclave में शिक्षा-स्वास्थ्य से रोजगार तक चर्चा

Bihar Police: प्रीता वर्मा ने संभाला प्रभारी DGP का पद, कानून...

Bihar Police, पटना: बिहार पुलिस की कमान फिलहाल वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रीता वर्मा के हाथों में है। 1991 बैच की IPS अधिकारी प्रीता वर्मा...

Bihar Flood Relief: केंद्र से बिहार को अधिकतम सहयोग का आश्वासन,...

बिहार में बाढ़ से करीब 15 जिलों के 88 प्रखंड और 50 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। केंद्र ने राहत, आवास, बीज और किसानों...

Bihar Flood Munger Bhagalpur: सम्राट चौधरी और शिवराज सिंह चौहान ने...

Bihar Flood Munger Bhagalpur: बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह ग्रामीण विकास...