केदारनाथ :शंकर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे.
यहां उन्होंने बाबा केदार का रुद्राभिषेक किया.
फिर उन्होंने आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण भी किया.
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शंकर का संस्कृत में अर्थ बताया.
पीएम मोदी ने कहा कि शंकर का संस्कृत में अर्थ है- “शं करोति सः शंकरः’’, यानी जो कल्याण करे, वही शंकर है.
इस व्याकरण को भी आचार्य शंकर ने प्रत्यक्ष प्रमाणित कर दिया.
उनका पूरा जीवन जितना असाधारण था, उतना ही वो जन-साधारण के कल्याण के लिए समर्पित थे.
आदि शंकराचार्य ने सशक्त परंपरा खड़ी की- मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आदि शंकराचार्य ने पवित्र मठों की स्थापना की, चार धामों की स्थापना की, द्वादश ज्योतिर्लिंगों का पुनर्जागरण का काम किया. आदि शंकराचार्य सबकुछ त्यागकर देश, समाज और मानवता के लिए जीने वालों के लिए एक सशक्त परंपरा खड़ी की.
भारत के हर कोने में तपस्वी आज भी आध्यात्मिक चेतना को जगाते हैं
केदारनाथ धाम में पीएम मोदी ने कहा कि हमारा देश तो इतना विशाल है, इतनी महान ऋषि परंपरा है.
एक से बढ़कर एक तपस्वी आज भी भारत के हर कोने में आध्यात्मिक चेतना को जगाते रहते हैं.
कुछ अनुभव इतने अलौकिक, इतने अनंत होते हैं कि उन्हें शब्दों से व्यक्त नहीं किया जा सकता.
बाबा केदारनाथ की शरण में आकर मेरी अनुभूति ऐसी ही होती है.
अब पहाड़ के काम आएगा पहाड़ का पानी और जवानी- मोदी
मोदी बोले कि कहा जाता है कि पहाड़ का पानी, पहाड़ की जवानी कभी पहाड़ के काम नहीं आता है.
अब पानी भी पहाड़ के काम आएगी. जवानी भी पहाड़ के काम आएगी. उत्तराखंड से पलायन को रोकना है.
अगला दशक उत्तराखंड का है. मोदी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तराखंड में चार धामों से सड़क संपर्क और हेमकुंड साहिब के पास रोपवे सहित कई बुनियादी ढांचागत कार्यों की योजना है.
यह दशक उत्तराखंड का है. अगले 10 वर्षों में, राज्य में पिछले 100 वर्षों की तुलना में अधिक पर्यटक आएंगे.
पीएम मोदी ने अयोध्या का किया जिक्र
केदारनाथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर पूरे गौरव के साथ बन रहा है.
अयोध्या को उसका गौरव सदियों के बाद वापस मिल रहा है.
दो दिन पहले अयोध्या में दीपोत्सव आयोजन को पूरी दुनिया ने देखा.
भारत का प्रचीन सांस्कृतिक स्वरूप कैसा रहा होगा आज हम उसकी कल्पना कर सकते हैं.

















