रिपोर्टः शशांक शेखर/ न्यूज 22स्कोप
हजारीबाग: झारखंड के विभिन्न जिलों के विभिन्न कंपनियों के मोबाइल टावर से लाखों के बैटरी के चोरी करने के बड़े मामले का खुलासा हजारीबाग पुलिस ने कर दिया है। यह कोई आम चोरी नहीं है। जिसमें चोर बैटरी खोल कर ले जाते हैं और उसे बेच देते हैं। यह चोरी स्पेशलाइज्ड चोरी है जिसे प्रोफेशनल तरीके से बैटरीयों को गायब किया जाता है। बताया जाता है कि पहले यह सभी चोर टावर में इंजीनियर के तौर पर काम कर चुके हैं जिन्हें 10 से 15 मिनट में बैटरी खोल लेने की महारत हासिल है।
जिले की पुलिस ने प्रेस वार्ता कर बताया है कि हमने महंगी महंगी कई बैटरी को भी इनके पास से बरामद किया है, जिसकी कीमत 4 से 5 लाख बताई जा रही है। हजारीबाग पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि गिद्दी में पिछले महीने जिओ कंपनी के दो टावर से आठ लाख से अधिक की बैटरी की चोरी कर ली गई है. जिसके तहत हमने टीम का गठन किया और उसके पूरे नेक्सस को खंगालने की कोशिश की, जब जांच टीम ने पूरे नेक्सस को खंगाला तो पता चला कि यह कोई छोटी मोटी चोरी नहीं यह अंतरराज्यीय गिरोह के द्वारा की गई चोरी है। जिसके तहत झारखंड के लोहरदगा जिले से 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके निशानदेही पर यूपी से कुछ लोग गिरफ्तार हुए। जिसके बाद उनके निशानदेही पर जहां यह सभी बैटरी बेचा करते थे। वहां से भी गिरफ्तारी हुई है। इस पूरे मामले में कुल 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इनके पास से चोरी में प्रयुक्त मोबाइल और एक i20 कार भी पुलिस ने जप्त किया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

















