जमशेदपुर, 5 सितंबर 2024: प्रधानमंत्री मोदी 15 सितंबर को झारखंड को तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का तोहफा देंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी जमशेदपुर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
इस खास दिन पर, पीएम मोदी प्लेटफार्म नंबर 1 से दो वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना करेंगे, जबकि तीसरी ट्रेन का उद्घाटन ऑनलाइन होगा। प्लेटफार्म नंबर 1 से टाटा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस और प्लेटफार्म नंबर 3 से टाटा-ब्रह्मपुर वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत होगी। वहीं, देवघर-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस का ऑनलाइन उद्घाटन किया जाएगा।
दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने बुधवार को मीडिया को जानकारी दी कि पीएम मोदी के जमशेदपुर आने की पुष्टि हो चुकी है और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी जल्द ही उपलब्ध कराई जाएगी।
जीएम मिश्रा ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के लिए तैयारी जोरों पर है। मुख्य कार्यक्रम प्लेटफार्म नंबर 1 पर आयोजित किया जाएगा। सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि यह आयोजन सफल और स्मरणीय हो।”
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत से झारखंडवासियों को अत्याधुनिक रेलवे सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जो यात्रा को और भी सुखद और सुविधाजनक बनाएगी।



















