रांची: नगर निगम ने कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद होल्डिंग टैक्स का भुगतान नहीं करने वाले 73 बड़े बकाएदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए तीन दिन की मोहलत दी है।
निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि 23 फरवरी तक बकाया टैक्स का भुगतान नहीं किया गया तो संबंधित घरों और प्रतिष्ठानों से डोर-टू-डोर कचरा उठाव सेवा बंद कर दी जाएगी। साथ ही जलापूर्ति सहित अन्य शहरी सेवाओं को भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार, इन बकाएदारों पर कुल 2.33 करोड़ रुपये की देनदारी है, जिससे निगम के राजस्व को नुकसान हो रहा है और शहरी सेवाओं के संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इससे पहले, निगम ने 100 प्रमुख बकाएदारों को नोटिस जारी कर होल्डिंग टैक्स चुकाने का निर्देश दिया था। निगम की इस कड़ी कार्रवाई से शहर के अन्य बकाएदारों में भी हलचल मच गई है।



















