बगहा : दिनदहाड़े आभूषण की दो दुकानों में डकैती, 22 लाख की हुई लूट- बगहा के
धनहा में दिनदहाड़े आभूषण की दो दुकानों में डकैती हुई है.
अपराधियों ने हथियार के बल पर करीब 22 लाख का सोना चांदी लूट लिया.
इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों में आक्रोश है.
बताया जाता है कि आधा दर्जन अपराधी मुंह पर पट्टी बांधकर
हथियार लहराते हुए दो बाइक पर सवार होकर फायरिंग करते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया.
लूट के विरोध करने पर दुकानदारों के साथ मारपीट भी किया.

जांच में जुटी पुलिस
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे बगहा एसपी किरण कुमार गोरख जाधव के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची. और मामले की जांच शुरू की. वहीं आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है. यूपी सीमा से सटे धनहा के तमकुहवा बाजार में हुई लूट की इस वारदात से दुकानदारों में रोष है.
हवाई फायर करते हुए भाग निकले अपराधी
बताया जाता हैं कि तमकुहवा बाजार में दिनदहाड़े एक बजे दिन में दो बाइक पर सवार 6 नकाबपोश अपराधियों ने आभूषण की दुकान में लूट को अंजाम दिया. लूट के बाद अपराधी हवाई फायर करते हुए भाग निकले. तमकुहवा बाजार में दो सगे भाई गुड्डू सोनी एवं गोविंद सोनी के दुकान से लगभग 22 लाख की सोना चांदी आभूषण की लूट हुई है. लूट की घटना का अंजाम देने के बाद अपराधी दो दिशाओं में फरार हो गए. उस वक्त ग्राहक के रूप में स्थानीय दो महिला भी मौजूद थीं.
रिपोर्ट : अनिल कुमार

















