
बिहार के सरकारी इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में 98% नामांकन हुआ। 11 पॉलिटेक्निक की 20 शाखाओं को NBA मान्यता मिली, रिसर्च फंड बढ़ाने की तैयारी।
Technical Education Bihar पटना: बिहार में तकनीकी शिक्षा को रोजगारपरक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। सरकारी इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में कुल उपलब्ध सीटों के मुकाबले 98 प्रतिशत नामांकन हुआ है। विभाग की मंत्री शीला कुमारी ने इसे तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
Technical Education Bihar:11 पॉलिटेक्निक की 20 शाखाओं को NBA मान्यता
विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य के सभी राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ शिक्षा, शोध, आधारभूत संरचना और प्लेसमेंट को लेकर चर्चा हुई। मंत्री शीला कुमारी ने बताया कि राज्य के 11 राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों की 20 शाखाओं को नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रेडिटेशन यानी NBA की मान्यता मिल चुकी है। वहीं 32 संस्थानों के 42 कार्यक्रमों का मूल्यांकन फिलहाल प्रक्रियाधीन है।
उन्होंने कहा कि सरकारी इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में 98 प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हासिल किया गया है। यह उपलब्धि सत्र 2022-23 की तुलना में बड़ी वृद्धि है।
Technical Education Bihar:रिसर्च फंड 30 लाख रुपये तक करने की तैयारी
इंजीनियरिंग कॉलेजों में शोध को बढ़ावा देने के लिए रिसर्च फंड में बड़ा बदलाव प्रस्तावित है। वर्तमान में 2 से 3 लाख रुपये तक मिलने वाली राशि को बढ़ाकर प्रति परियोजना 20 से 30 लाख रुपये करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
शोध के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, जीआईएस, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर और ग्रीन एनर्जी जैसे आधुनिक क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है। उच्च प्रदर्शन करने वाले कॉलेजों को विश्वविद्यालय में बदलने की दिशा में भी काम चल रहा है। मुजफ्फरपुर में शहीद जुब्बा साहनी आर्किटेक्चरल एवं सिविल विश्वविद्यालय और भागलपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी मंत्री ने दी।
Technical Education Bihar:Google और Microsoft के साथ शिक्षकों की ट्रेनिंग
तकनीकी शिक्षा में एआई के इस्तेमाल को बढ़ाने के लिए शिक्षकों के प्रशिक्षण की तैयारी की जा रही है। इसके लिए Google के साथ शिक्षकों की ट्रेनिंग और Microsoft के साथ एआई पाठ्यक्रम तैयार करने को लेकर समन्वय अंतिम चरण में है।
छात्रों को अंतरराष्ट्रीय रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जर्मन, फ्रेंच और जापानी भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अलावा छात्रों को अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट कराने की योजना है, जिससे उन्हें विदेशों में रोजगार के अवसरों और तकनीकी क्षेत्र की वैश्विक जरूरतों की जानकारी मिल सके।
Key Highlights
- सरकारी इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में 98 प्रतिशत नामांकन।
- 11 राजकीय पॉलिटेक्निक की 20 शाखाओं को NBA मान्यता।
- 32 संस्थानों के 42 पाठ्यक्रमों का मूल्यांकन प्रक्रियाधीन।
- रिसर्च फंड को 20 से 30 लाख रुपये प्रति परियोजना करने का प्रस्ताव।
- छात्रों के लिए जर्मन, फ्रेंच और जापानी भाषा प्रशिक्षण की योजना।
Technical Education Bihar:पूर्णिया, मोतिहारी और जमुई में बनेंगे नए तारामंडल
विभाग ने प्रमंडल स्तर पर नए तारामंडल स्थापित करने की दिशा में भी पहल की है। पूर्णिया, मोतिहारी और जमुई में नए तारामंडल बनाने के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए हैं।
इसके अलावा रिमोट सेंसिंग सेंटर, बायोटेक्नोलॉजी, नैनोटेक्नोलॉजी और स्पेस पॉलिसी से जुड़े कार्यों पर भी विभाग काम कर रहा है। यंग प्रोफेशनल्स की नियुक्ति के लिए बेल्ट्रॉन के माध्यम से बहाली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Technical Education Bihar:छात्रावास और प्लेसमेंट पर भी फोकस
बैठक में शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति के साथ संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। जिन पॉलिटेक्निक कॉलेजों में छात्रावास की सुविधा नहीं है, वहां सरकार किराए पर मकान लेकर छात्रों के लिए हॉस्टल की व्यवस्था करेगी।
मंत्री ने बताया कि मधुबनी पॉलिटेक्निक कॉलेज में शत-प्रतिशत प्लेसमेंट हुआ है। अन्य संस्थानों में भी प्लेसमेंट का स्तर बढ़ाने के लिए मिशन मोड में काम किया जा रहा है।




