औरंगाबाद : कासमा और रफीगंज थाना पुलिस ने लूट की स्कार्पियो के साथ तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। जबकि तीन अन्य लुटेरे भागने में सफल रहे। पुलिस ने लूट में इस्तेमाल किया गया इनोवा कार को जब्त कर लिया है। एसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस ने दो घंटे के अंदर न सिर्फ वाहन बरामद कर लिया बल्कि तीन लुटेरों को धर दबोचा। फरार लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। एसपी ने बताया कि स्कार्पियो को कासमा थानाध्यक्ष राजगृह प्रसाद के नेतृत्व में रही टीम ने रफीगंज-कासमा रोड के पांडेय करमा गांव के पास से बरामद किया है।
पुलिस ने रफीगंज थाना के पास निवासी रंजीत चौधरी को सबसे पहले गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद रंजीत के बताए स्थान से रफीगंज थाना के लभरी गांव निवासी आशीष कुमार एवं फेसरा गांव निवासी अनुज कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। लूट में शामिल तीन अपराधी फरार हो गए हैं जिसकी गिरफ्तारी को पुलिस छापेमारी कर रही है।


















