रांची : हनुमान नगर स्थित रोशनी अपार्टमेंट में गुरुवार को एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। फ्लैट नंबर 101 में रहने वाले रामायण प्रसाद के घर में ताला तोड़कर चोरों ने करीब 16 लाख रुपये के जेवरात चुरा लिये। घटना उस वक्त हुई जब परिवार के सभी सदस्य निजी काम से कोलकाता गये हुए थे।
रामायण प्रसाद, जो श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के सेवानिवृत्त कर्मी हैं, ने बताया कि वह अपनी बेटी की शादी के लिए ये जेवरात जमा कर रखे थे। बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि फ्लैट का दरवाजा खुला है, जिसके बाद गुरुवार को जब वे रांची लौटे तो चोरी की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। जांच के दौरान अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो संदिग्ध व्यक्ति देखे गए हैं।
हालांकि, अब तक शिकायतकर्ता की ओर से पुलिस को लिखित आवेदन नहीं सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं और रिहायशी इलाकों में लगातार इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं।


















