धनबाद : बीसीसीएल दौरे पर पहली बार धनबाद पहुंचे केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि विस्थापितों के दर्द को समझने वह यहां आये हैं. विस्थापितों के साथ न्याय किया जायेगा. धनबाद में मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कहाकि आज वह बेलगड़िया जाकर लोगों की समस्या को देखा और उनसे बात कर जल्द उसका निदान कराने का आश्वासन भी दिया है.
मंत्री ने दावा किया कि आग व भूधंसान प्रभावित क्षेत्र के निवासी अब सुरक्षित स्थान पर बसने को तैयार हैं. उन्होंने कोयलांचल में बढ़ते प्रदूषण पर मीडिया के सवाल पर जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि कोयले में नेचुरल आग के कारण हमेशा इससे धुंआ उठते रहता है, जिसके कारण प्रदूषण बढ़ रहा है, लेकिन इस फायर पर भी तेजी से काम किया जायेगा.
कोयला कंपनियों के द्वारा जमीन लिये जाने के बावजूद अभी तक उन्हें मुआवजा और नियोजन नहीं मिलने की बात पर उन्होंने कहाकि जमीन से जुड़ा मामला रहने के कारण इसमें राज्य सरकार की भूमिका अहम रहती है और आज ही इस संदर्भ में मुख्यमंत्री से बात भी हुई है.
इस दौरान कोयला मंत्री का स्वागत पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, भाजपा नेत्री रागिनी सिंह समेत विभिन्न मजदूर संगठनों के नेताओं ने किया.इसके अलावा उन्होंने जल्द हीं रिवाइज झरिया एक्शन प्लान को केंद्रीय केबिनेट से मंजूरी मिलने की बात कही।हालांकि केंद्रीय कोयला मंत्री के बाँसजोड़ा दौरे के दौरान सांसद ढुलू महतो का विरोध स्थानीय लोगों ने कर दिया जमकर नारेबाजी और हंगामा भी हुआ।


















