रांची: जेएसएससी द्वारा प्रारंभिक विद्यालयों में स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) की नियुक्ति प्रक्रिया के तहत भाषा विषय के 1602 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन 23 जुलाई 2025 से शुरू किया जाएगा। यह सत्यापन कार्य दो पालियों में 25 जुलाई तक जेएसएससी कार्यालय में चलेगा।
आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, संबंधित अभ्यर्थियों को सत्यापन तिथि के दिन जांच शुरू होने से एक घंटा पूर्व आयोग कार्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज मूल व स्व-सत्यापित प्रति में लाने होंगे:
सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र व अंकपत्र
प्रवेश पत्र
जाति/आय/संपत्ति व स्थानीयता प्रमाण पत्र
JTET का प्रवेश पत्र और उत्तीर्णता प्रमाण पत्र
हालिया पासपोर्ट साइज का रंगीन फोटो
जो अभ्यर्थी किसी कारणवश 23 से 25 जुलाई के बीच सत्यापन में उपस्थित नहीं हो सकेंगे, उन्हें अंतिम अवसर के रूप में 2 अगस्त 2025 को सुबह 10 बजे से दस्तावेज सत्यापन का मौका दिया जाएगा। आयोग ने यह स्पष्ट किया है कि इसके बाद किसी को अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।
साथ ही, आयोग आवश्यकता पड़ने पर रिक्तियों के अनुपात में अन्य अभ्यर्थियों को भी सत्यापन के लिए आमंत्रित कर सकता है। अभ्यर्थियों को विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना से प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि जेएसएससी द्वारा कुल 26,001 पदों पर सहायक आचार्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन पहले ही पूरा हो चुका है।



















