दिल्ली. खबर दिल्ली से है। यहां पानी की बर्बादी और गलत तरीके से यूज करना महंगा पड़ेगा। मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली सरकार ने पानी की बर्बादी करने वाली गतिविधियों जैसे नल से वाहनों को धोने और निर्माण और वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिए घरेलू जल आपूर्ति का उपयोग करने पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाएगा।
दिल्ली में पानी की बर्बादी पर एक्शन
बता दें कि दिल्ली भीषण गर्मी के कारण पानी की कमी का सामना कर रहा है और शहर के कुछ हिस्सों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के आसपास हो गया है। वहीं इस भीषण गर्मी के बीच जल मंत्री आतिशी ने दिल्ली जल बोर्ड को निर्देश दिया है कि पानी की बर्बादी करने वाली गतिविधियों जैसे पाइप से कार धोने, पानी की टंकियों के ओवरफ्लो होने और निर्माण और वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिए घरेलू जल आपूर्ति के उपयोग को रोकने के लिए शहर भर में 200 टीमों को तैनात किया जाए।
मंत्री आतिशी ने कहा है, “इन परिस्थितियों में पानी का संरक्षण बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। हालांकि, यह देखा गया है कि दिल्ली के कई हिस्सों में पानी की बर्बादी होती है।” इसके अलावा, निर्माण स्थलों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू आपूर्ति के अवैध कनेक्शन भी हैं। मंत्री ने कहा कि पानी के इस तरह के दुरुपयोग पर नकेल कसने की जरूरत है।
वहीं सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में आतिशी ने आने वाले दिनों में पानी की बर्बादी पर सख्ती बरतने की जानकारी देते हुए कहा था कि निर्माण स्थलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू आपूर्ति के अवैध कनेक्शन काट दिए जाएंगे। वहीं उन्होंने मंगलवार को हरियाणा पर 1 मई से शहर के हिस्से का पानी जारी नहीं करने का आरोप लगाया था और कहा था कि दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में पानी की आपूर्ति को तर्कसंगत बनाने सहित कई उपाय लागू करेगी।


















