रांची: रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा के अधीक्षक हामिद अख्तर ईडी के समन पर उपस्थित नहीं हुए। वहीं अधीक्षक के द्वारा जेल की जो फुटेज दी गई है, उसमें भी गड़बड़ी है। ऐसे में ईडी ने अब मनी लाउंड्रिंग के केस में जेल अधीक्षक हामिद अख्तर और जेलर नसीम खान को फिर समन किया है।
मंगलवार देर शाम ईडी ने समन कर दोनों जेल अधिकारियों को 30 जून को उपस्थित होने को कहा है। जेल अधीक्षक को ईडी ने 27 जून को समन किया था। पूर्व में दो बार ईडी के समन पर वह उपस्थित नहीं हुए थे।
ईडी ने अब पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। अब उपस्थिति दर्ज नहीं कराने पर ईडी हामिद अख्तर को केस में सहयोग नहीं करने से जुड़े पीएमएलए की धाराओं में आरोपी भी बना सकती है।
ईडी ने दिसंबर 2022 में कोर्ट में आवेदन देकर जेल की सीसीटीवी फुटेज की मांग की थी। ईडी को जानकारी मिली थी कि जेल में बंद मनी लाउंड्रिंग के आरोपी ने जेल में जन्मदिन की पार्टी की थी। कई अन्य लोगों द्वारा जेल में गलत तरीके से भेंट की जानकारी भी मिली थी। ईडी ने उस अवधि का फुटेज जेल प्रशासन से मांगा था।
कोर्ट ने भी इसकी इजाजत दी थी, पर जेल प्रशासन ने कोर्ट के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी। इसी बीच जेल अधीक्षक को 27 जून की उपस्थिति का समन हुआ। उन्होंने कोर्ट को कहा कि वह ईडी को सीसीटीवी फुटेज सौंप रहे हैं।
लेकिन ईडी को तय अवधि का फुटेज नहीं देकर, कोर्ट के आदेश के बाद के सीसीटीवी फुटेज दिए गए। ईडी ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पाया कि यह उस अवधि का फुटेज नहीं है, जिस अवधि की फुटेज एजेंसी ने मांगी थी।

















