हजारीबागः विनोबा भावे यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर बीजेपी से जुड़े हुए लोग और यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष सह वर्तमान बीजेपी कोडरमा प्रभारी टुन्नू गोप के नेतृत्व में धरना का आयोजन किया. धरना के माध्यम से टुन्नू गोप तथा वहां मौजूद लोगों ने यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज एवं विनोबा भावे यूनिवर्सिटी पर मनमानी करने का आरोप लगाया है.
फाइनल एग्जाम के लिए 81 बच्चों का नाम काटा गया
टुन्नू गोप ने हमसे बात करते हुए बताया कि 6 महीने पहले सभी विद्यार्थियों का एडमिशन 18 हजार रुपए लेकर किया गया. इसके लिए 2 बार बकायदा एडमिशन लिस्ट जारी किया गया. बच्चे अपना क्लास भी स्टार्ट कर दिए यहां तक कि इंटरनल एग्जाम भी ले लिया गया. लेकिन जब फाइनल एग्जाम की बारी आई तो 81 बच्चों का नाम काट दिया गया है. पूछे जाने पर यह बताया गया कि इनके एडमिशन में कुछ गड़बड़ियां थी. इसलिए यह कदम उठाया गया है. बार-बार पूछे जाने पे जांच करने की बात की जाती है.
विनोबा भावे यूनिवर्सिटी के लॉ स्टूडेंट्स और बीजेपी का धरना प्रदर्शन – बीजेपी इस पर आगे आंदोलन भी करेगी
लॉ कॉलेज और यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक मतभेद के कारण विद्यार्थियों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. इसी को लेकर आज एक दिवसीय आमरण अनशन, चेतावनी देने के लिए बुलाई गई है. इसे लेकर आज आवेदन भी सौंपा जाएगा और अगर बच्चों के जीवन के साथ ऐसे ही खिलवाड़ होता रहा, तो बीजेपी इस पर आगे आंदोलन भी करेगी.
बीजेपी इस पर कोई राजनीति नहीं कर रही
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी इस पर कोई राजनीति नहीं कर रही है. राजनीति करने के लिए यूनिवर्सिटी से बाहर बहुत मौके हैं, बहुत ग्राउंड है. लेकिन यहां गलत हो रहा है. जिसे लेकर वह और भाजपा के लोग बैठे हुए हैं. इस दौरान वहां बीजेपी से जुड़े हुए लोग के साथ-साथ यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज के विद्यार्थी भी मौजूद थे.
रिपोर्टः शशांक शेखर

















