रांची: हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित बड़ी मस्जिद के पास सना परवीन नाम की युवती ने प्रमी से फोन पर बात करते-करते अपने ही घर के चौथे तल्ले से कूद कर अपनी जान दे दी।
घटना रविवार सुबह करीब 4.30 बजे की है। सना ने अपने प्रेमी जावेद से फोन पर बात करते-करते ही चौथे तल्ले से छलांग लगा दी। जब वह छत से नीचे गिरी, तो सबसे पहले वहां जावेद ही पहुंचा।
उसने सना के परिजनों को इस बात की जानकारी दी। इसके बाद उसे लेकर अंजुमन अस्पताल पहुंचा, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने इसकी सूचना हिंदपीढ़ी थाना को दी। पुलिस ने शव को रिम्स पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, परिजनों की शिकायत पर उसके प्रेमी जावेद को हिरासत में ले लिया है।
हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी बाबू राम भगत ने बताया कि अगर परिजन उसके विरुद्ध केस दर्ज कराते हैं, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सना ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। उसका सपना था कि अपना ब्यूटी पार्लर खोले। परिजनों ने बताया कि शनिवार को जावेद ने सना को फोन कर मेन रोड बुलाया था।
इसके बाद उसकी पिटाई की थी। उसे इलाज कराने के लिए मेन रोड स्थित एक अस्पताल भी ले जाया गया था। वहां से आने के बाद से ही सना और ज्यादा परेशान थी।
जानकारी के अनुसार, सना व जावेद के बीच दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक बार जावेद की मां सना के घर आई थी और उसने अपने बेटे के लिए सना का रिश्ता मांगा था।
जावेद के परिवार वालों ने कहा था कि उन्हें घर बनाने को जमीन जमीन चाहिए। इसपर सना के पिता ने कहा था कि ईद के बाद बात करेंगे। इसके बाद जावेद के परिजन नहीं आए।



















