रांची: झारखंड के लिए जदयू ने अपनी रणनीति बदली है। जदयू इस बार झारखंड विधानसभा का चुनाव लड़ने की बात तय की है। अभी तक जदयू ने झारखंड के 11 सीटों पर अपना दवा किया है,जो आगे चल कर और बढ़ सकता है।
शनिवार को झारखंड जदयू के अध्यक्ष खीरू महतो अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बात की उन्हें 11 सीटों की लिस्ट सौंपी।
बाद में मीडिया से बातचीत में खीरू ने कहा-इससे ज्यादा सीटों की संख्या, तालमेल या अन्य मसलों पर हमारे नेता भाजपा या एनडीए के नेताओं से बात करेंगे। उन्होंने कई बार कहा कि हम अबकी एनडीए के साथ रहते हुए, उससे गठबंधन करके ही चुनाव लड़ेंगे।
ध्यान रहे कि जदयू बिहार में भाजपा के साथ रहते हुए भी झारखंड में उससे अलग होकर चुनाव लड़ता रहा है। सरयू राय से जुड़े सवाल पर खीरू ने कहा-उनका स्वागत है।
हमारी पार्टी में आ जाएं। हमारे साथ रहकर चुनाव लड़ें। बैठक में झारखंड के राजनीतिक हालात और जदयू की स्थिति पर भी बातचीत हुई। जदयू के वरिष्ठ नेता व मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि हम एनडीए के हिस्से के रूप में झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ने का इरादा रखते हैं।


















