प्रयागराज : कुमार विश्वास को मिली इलाहाबाद विश्वविद्यालय से डी.लिट. की मानद उपाधि। हिंदी के मशहूर कवि डॉ. कुमार विश्वास को बुधवार को प्रयागराज स्थित इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आयोजित 136वें दीक्षांत समारोह में डी. लिट. की मानद उपाधि प्रदान की गई। यह उपाधि बतौर मुख्य अतिथि सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदान की।
सीएम योगी ने कहा कि – ‘यह आनंद का क्षण है कि प्रयागराज की धरा पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के 136वें दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होने, प्रतिभावान युवाओं को उपाधि प्रदान करने और हिंदी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए डॉ. कुमार विश्वास को विशेष मानद उपाधि से सम्मानित करने का अवसर प्राप्त हुआ’।
सीएम योगी बोले – प्रयागराज ने कुमार विश्वास को दी दिशा
डॉ. कुमार विश्वास को डी. लिट. की मानद उपाधि प्रदान करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि – ‘प्रयागराज की त्रिवेणी हम सबको नई प्रेरणा प्रदान करती है। यहां विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट माहौल में लाखों बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं।
…यहां के बारे में कहा जाता है कि जो विद्यार्थी जिस भाव के साथ यहां आता है उसे उसी भाव के अनुरूप सफलता प्राप्त होती है। डॉ. कुमार विश्वास को प्रयागराज ने जीवन और दिशा प्रदान की। वह मातृभूमि को अपना केन्द्र बनाकर साहित्य जगत में छा गए’।

कवि कुमार विश्वास की सीएम योगी आदित्यनाथ ने जमकर की तारीफ…
इसी क्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कवि डॉ. कुमार विश्वास की जमकर तारीफ की।
सीएम योगी ने कहा कि – ‘कौन ऐसा हिंदी प्रेमी होगा जो डॉ. कुमार विश्वास को न सुनता हो। उनकी कलम की धार तथा लेखनी ने उन्हें पहचान दिलाई। …लेकिन उन्होंने विश्वविद्यालय को विस्मृत नहीं किया।
…विश्वविद्यालयों तथा अन्य संस्थानों को स्वयं को अपने पुरा विद्यार्थियों से जोड़ना चाहिए। विश्वविद्यालय की भौतिक प्रगति में तथा एक नए माहौल को उत्पन्न करने में तथा विश्वविद्यालय में विकास की गति को तेज करने में पुरा विद्यार्थी अत्यन्त मददगार साबित हो सकते हैं’।


















