देवघर : गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ एक ही दिन में पांच एफआईआर दर्ज कराने के मामले में देवघर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन अधिकारी मंजूनाथ भजंत्री को चुनाव आयोग ने तत्काल हटाने का निर्देश दिया. इसके साथ हीं आयोग ने राज्य सरकार को भविष्य में आईएएस अधिकारी मंजूनाथ भजंत्री को किसी भी चुनाव ड्यूटी की जिम्मेदारी न देने की हिदायत दी है.

बता दें कि चुनाव कार्य के लिए देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री को ब्लैकलिस्ट कर दिया है. मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में मंजूनाथ भजंत्री के विरुद्ध अनुशासनात्मक कारवाई शुरू करते हुए 15 दिनों के अंदर आयोग को सूचित करने के लिए कहा गया है.
क्या था मामला
मधुपुर विधानसभा उपचुनाव 2021 इस वर्ष 17 अप्रैल को हुआ था. इस दौरान सांसद निशिकांत दूबे पर चुनाव आचार संहिता के आरोप लगे थे. जिला प्रशासन ने करीब 06 महीने बाद 24 अक्टूबर को एक साथ पांच कांड चार विभिन्न थानों में दर्ज कराए थे. देवघर नगर थाना में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, मधुपुर थाने में बीडीओ राजीव कुमार सिंह, चितरा थाने में बीडीओ पल्लवी सिन्हा और देवीपुर थाने में बीडीओ अभय कुमार के आवेदन पर कांड दर्ज किया गया था. सभी केस में मधुपुर विधानसभा उपचुनाव में कानूनों का उल्लंघन और नियम विरुद्ध क्रियाकलापों का आरोप लगाया गया था. मधुपुर और चितरा थाना में दर्ज कांड में सांसद निशिकांत दूबे पर 15 अप्रैल को अपने ट्विटर एकांउट से आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप था.
रिपोर्ट : मदन सिंह

















