रांची: जेपीएससी ने सिविल जज (जूनियर डिविजन) के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) में सफल अभ्यर्थियों से आवेदन की हार्ड कॉपी मांगी है। यह हार्ड कॉपी 13 मई 2025 की शाम 5 बजे तक जेपीएससी कार्यालय में जमा करनी होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी अभ्यर्थी का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सभी उम्मीदवारों को निर्देश दिया गया है कि वे आवेदन पत्र के साथ अपने सभी शैक्षणिक एवं जाति प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित फोटोकॉपी भी अनिवार्य रूप से संलग्न करें। ऑनलाइन आवेदन की प्रति आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है। इसके लिए अभ्यर्थी को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। जिन अभ्यर्थियों के पास रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध नहीं है या वे भूल चुके हैं, वे ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि की मदद से पुनः आवेदन प्राप्त कर सकते हैं।
जेपीएससी द्वारा जारी किए गए पीटी परीक्षा के परिणाम में अनारक्षित वर्ग का कट ऑफ मार्क्स 75 रहा। वहीं अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) का कट ऑफ 32 अंक था। अन्य वर्गों में बीसी-1 के लिए 41, बीसी-2 के लिए 37, ईडब्ल्यूएस के लिए 40 अंक, निःशक्त के लिए 44, नेत्रहीन के लिए 42, बधिर वर्ग के लिए 39, खेल कोटा के लिए 41 और आदिम जनजाति के लिए 30 अंक तय किए गए थे।
जेपीएससी की इस प्रक्रिया के तहत अब अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा, जिसकी तिथि आयोग द्वारा जल्द घोषित की जाएगी।


















