Ranchi Crime: पति या बेटे की मौत का डर दिखाकर महिलाओं से जेवर ठग रहा गिरोह, 6 महीने में आधा दर्जन मामले

रांची में महिलाओं को पति या बेटे की जान का खतरा बताकर जेवर ठगने वाला गिरोह सक्रिय है। पूजा के नाम पर गहने उतरवाकर ठग फरार हो रहे हैं।


Ranchi Crime रांची: राजधानी रांची में महिलाओं को मनोवैज्ञानिक डर में फंसाकर जेवर ठगने वाले गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। खुद को साधु या पंडित बताने वाले ठग महिलाओं को उनके पति या बेटे की जान को खतरा होने की बात कहकर डराते हैं। इसके बाद पूजा-पाठ के जरिए संकट टालने का भरोसा देकर महिलाओं से उनके गहने उतरवा लेते हैं और मौका मिलते ही जेवर लेकर फरार हो जाते हैं।

बताया जा रहा है कि इस तरह के करीब आधा दर्जन मामले पिछले छह महीने में रांची के अलग-अलग इलाकों से सामने आ चुके हैं। हाल के दिनों में सुखदेवनगर और पुंदाग इलाके में महिलाओं से लाखों रुपये के जेवर ठगे गये, जबकि पंडरा में एक महिला की सतर्कता से ठग वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

Ranchi Crime:पति या बेटे की मौत का डर, फिर पूजा के नाम पर ठगी

ठग पहले सड़क या मोहल्ले में अकेली जा रही महिलाओं को रोकते हैं। बातचीत के दौरान वे परिवार और बच्चों से जुड़ी जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। इसके बाद पति के बीमार होने, बेटे पर संकट आने या परिवार में मौत का योग होने जैसी बातें कहकर महिला के मन में डर पैदा करते हैं।

डरने के बाद ठग पूजा-पाठ कराने या किसी विशेष धार्मिक प्रक्रिया के जरिए संकट टालने का भरोसा देते हैं। इसी दौरान महिला से चेन, कंगन, चूड़ी और अंगूठी समेत दूसरे जेवर उतरवाकर कागज या कपड़े में बंधवाये जाते हैं।

इसके बाद ठग महिला को कहते हैं कि पीछे मुड़कर नहीं देखना है और 10, 21 या 51 कदम आगे चलना है। महिला जब कदम गिनने में उलझ जाती है, तब ठग जेवर लेकर मौके से फरार हो जाते हैं।

Ranchi Crime:सुखदेवनगर में 20 लाख और पुंदाग में 9 लाख के जेवर ठगे

3 सितंबर को सुखदेवनगर इलाके में वाल्मीकि नगर निवासी दिवंगत जेल अधीक्षक की पत्नी रेणु कुशवाहा 62 वर्ष मंदिर से लौट रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने खुद को अयोध्या का पंडित बताया और मंत्र के जरिए गहने सुरक्षित करने का झांसा दिया।

ठग ने महिला से चेन, कंगन, चूड़ियां और अंगूठी उतरवा लीं। इसके बाद उन्हें करीब 10 कदम आगे जाने को कहा। महिला के आगे जाते ही ठग करीब 20 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गया।

4 सितंबर को पुंदाग ओपी क्षेत्र में ढीपाटोली नागा टावर निवासी चिंता बरनवाल फल खरीदने निकली थीं। लाजपत राय कॉलोनी मोड़ के पास दो ठगों ने उनके छोटे बेटे पर दैवीय प्रकोप आने का डर दिखाया। इसके बाद पूजा के नाम पर महिला से सोने की चूड़ी, चेन और अंगूठियां उतरवा लीं।

ठगों ने उन्हें 51 कदम आगे चलने को कहा। महिला कदम गिनती रहीं और इसी दौरान दोनों ठग करीब 9 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गये।


Ranchi Crime:7 स्टेप्स में समझें ठगी का तरीका

  1. सुनसान सड़क या मोहल्ले में अकेली जा रही महिला को रोकना।
  2. बातचीत के दौरान परिवार, पति और बच्चों से जुड़ी जानकारी जुटाना।
  3. पति के बीमार होने या बेटे पर संकट जैसी बातें कहकर डर पैदा करना।
  4. डर बैठाने के बाद विशेष पूजा कराने का झांसा देना।
  5. पूजा के नाम पर महिला से जेवर उतरवाकर कागज या कपड़े में बंधवाना।
  6. पीछे नहीं देखने और 10, 21 या 51 कदम आगे चलने को कहना।
  7. महिला के कदम गिनने में व्यस्त होते ही जेवर लेकर फरार हो जाना।

Ranchi Crime:ऐसे करें बचाव

  • अनजान व्यक्ति से परिवार, बच्चों या निजी मामलों से जुड़ी जानकारी साझा न करें।
  • मौत का साया या संकट टालने के लिए पूजा जैसी बातें करने वालों से तुरंत दूरी बनाएं।
  • कोई संदिग्ध व्यक्ति सुनसान जगह या मंदिर चलने को कहे तो उसके साथ न जाएं।
  • असहज महसूस होने पर तुरंत शोर मचाएं और आसपास के लोगों को बुलाएं।
  • संदिग्ध व्यक्ति का हुलिया, कपड़े, बोलने का तरीका और वाहन का नंबर याद रखने की कोशिश करें।
  • ठगी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दें।

Key Highlights

  1. रांची में महिलाओं को परिवार पर संकट का डर दिखाकर जेवर ठगने वाला गिरोह सक्रिय।
  2. पिछले छह महीने में इस तरीके से करीब आधा दर्जन मामले सामने आये।
  3. सुखदेवनगर में महिला से करीब 20 लाख रुपये के जेवर ठगे गये।
  4. पुंदाग में 9 लाख रुपये के जेवर लेकर ठग फरार हो गये।
  5. पंडरा में महिला के शोर मचाने पर ठग वारदात किये बिना भाग निकले।

Ranchi Crime:पंडरा में महिला की सूझबूझ से बची ठगी

पंडरा ओपी क्षेत्र के राधा नगर में रहने वाली सुनीता देवी 65 वर्ष सामान लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान साधु के वेश में पहुंचे दो लोगों ने परिवार पर विपत्ति आने की बात कहकर उन्हें डराने की कोशिश की।

सुनीता देवी को जब दोनों की बातों पर संदेह हुआ तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे। भीड़ बढ़ती देख दोनों संदिग्ध मौके से फरार हो गये।

ऐसे मामलों में पुलिस लोगों से अपील करती है कि अनजान लोगों की ओर से परिवार पर संकट या मौत का डर दिखाये जाने पर उनकी बातों में न आएं और तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दें।

Ranchi Train Update: किता-सिल्ली रेलखंड पर ब्लॉक, आज कई ट्रेनें रद्द...

 रांची रेल मंडल के किता-सिल्ली रेलखंड पर विकास कार्य के चलते 8 सितंबर को कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी।Ranchi...

Jharkhand High Court: शादी के बाद भी बेटी का अनुकंपा नियुक्ति...

 झारखंड हाईकोर्ट ने कहा कि शादी के बाद बेटी का अनुकंपा नियुक्ति का अधिकार खत्म नहीं होता। सीएमपीएफओ को आठ सप्ताह में नियुक्ति देने...

Assistant Teacher Exam: सहायक आचार्य परीक्षा में Normalization पर हाईकोर्ट में...

 झारखंड हाईकोर्ट में सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 में नॉर्मलाइजेशन के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई हुई। JSSC ने जवाब दाखिल किया।Assistant Teacher...