रांची: शहर के बहुप्रतीक्षित सिरमटोली फ्लाइओवर पर अब अंतिम परीक्षण की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पथ निर्माण विभाग और रेलवे की संयुक्त निगरानी में केबल स्टे ब्रिज की लोड टेस्टिंग करायी जायेगी। यह टेस्टिंग सफल रहने के बाद ही पुल को आम वाहनों के लिए खोल दिया जायेगा।
निर्माण कार्य कर रही कंपनी ने रेलवे से 53 घंटे का विशेष ब्लॉक मांगा है ताकि यह टेस्टिंग सुचारू रूप से पूरी की जा सके। कंपनी की मांग के अनुसार, यह ब्लॉक 5 मई से 30 मई के बीच चरणबद्ध तरीके से दिया जायेगा। रेलवे अपने कार्यक्रम के मुताबिक ब्लॉक देगा, जिससे इस अवधि में कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रांची रेल डिवीजन की सीनियर डीसीएम शुचि सिंह ने जानकारी दी कि डिवीजन तैयारी में जुटा है और जल्द ही ब्लॉक की स्वीकृति दे दी जायेगी।
फ्लाइओवर के केबल स्टे ब्रिज हिस्से में अभी मैस्टिक का कार्य शेष है, जिसे लोड टेस्टिंग के बाद पूरा कराया जायेगा। वहीं, कंपनी पटेल चौक के पास साउंड बैरियर लगाने के काम में भी जुटी है, लेकिन सर्विस रोड का निर्माण अभी बाकी है। रेलवे अपनी समय सारिणी तैयार कर रहा है ताकि यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम किया जा सके।
रांचीवासियों को इस फ्लाइओवर के चालू होने का बेसब्री से इंतजार है, क्योंकि इससे शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी।


