राफेल-स्कैल्प का प्रहार: भारत ने सीमा में रहकर पाकिस्तान में तबाह किए 9 आतंकी ठिकाने!

372
राफेल-स्कैल्प का प्रहार: भारत ने सीमा में रहकर पाकिस्तान में तबाह किए 9 आतंकी ठिकाने
राफेल-स्कैल्प का प्रहार: भारत ने सीमा में रहकर पाकिस्तान में तबाह किए 9 आतंकी ठिकाने
Advertisment

नई दिल्ली:  पहलगाम आतंकी हमले का भारतीय सेना ने ऐसा जवाब दिया है, जिसे दुनिया देख रही है और दुश्मन पस्त है। सूत्रों के अनुसार भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित 9 बड़े आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया है। खास बात यह है कि इस बार भारतीय वायुसेना ने अपनी सीमा में रहते हुए दुश्मन के भीतर कहर बरपाया है।

Advertisment

भारतीय सेना की इस सर्जिकल एयर स्ट्राइक में पहली बार राफेल लड़ाकू विमानों और फ्रांसीसी मूल की स्कैल्प क्रूज मिसाइलों की जोड़ी ने निर्णायक भूमिका निभाई। स्कैल्प मिसाइलें दुश्मन की सीमा में करीब 300 किलोमीटर अंदर तक जाकर अपने लक्ष्य को भेदने में सक्षम हैं। 5 मीटर लंबी और करीब 1300 किलोग्राम वजनी इस मिसाइल में 450 किलो का पेलोड होता है, जो लक्ष्य पर 30 मीटर तक गहरे विस्फोटक प्रभाव छोड़ता है।

सूत्र बताते हैं कि अलग-अलग एयरफील्ड्स से स्कैल्प मिसाइलों से लैस राफेल विमानों ने उड़ान भरी और भारतीय एयरस्पेस में रहते हुए ही पीओके और पाकिस्तान के भीतर लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर तबाही मचा दी। बताया जा रहा है कि इन हमलों में दोनों आतंकी संगठनों के मुख्यालयों समेत कई लॉन्च पैड ध्वस्त कर दिए गए हैं।

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद से ही देश में आक्रोश था और जवाबी कार्रवाई तय मानी जा रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 24 अप्रैल को बिहार के झंझारपुर में आयोजित रैली में स्पष्ट चेतावनी दी थी कि आतंकवादियों को उनकी कल्पना से बड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा था, “जो लोग भारत में खून खराबा कर रहे हैं, उनकी सजा इतनी बड़ी होगी, जो उन्होंने सोची भी नहीं होगी।”

इसी के बाद भारतीय सेनाओं ने गुपचुप तरीके से अपनी तैयारियां तेज कर दी थीं। पाकिस्तान की ओर से भी सतर्कता और तैयारी की खबरें आ रही थीं, लेकिन भारतीय वायुसेना के राफेल विमानों और स्कैल्प मिसाइलों के भीषण हमले ने पड़ोसी देश को हिला दिया। सूत्रों के अनुसार हमले इतने सटीक और जबरदस्त थे कि आतंकियों के कई अड्डे पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए।

यह कार्रवाई भारत की रणनीतिक क्षमता और सैन्य ताकत का प्रत्यक्ष उदाहरण मानी जा रही है, जिसमें बिना सीमा पार किए दुश्मन के घर में घुसकर उसे करारा सबक सिखाया गया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि यह हमला आने वाले दिनों में आतंक के नेटवर्क पर बड़ा असर डालेगा।

Advertisement