नई दिल्ली: भारत ने पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए बुधवार, 7 मई की तड़के सुबह पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (POK) में आतंक के अड्डों पर बड़ा प्रहार किया। “ऑपरेशन सिंदूर” नाम के इस संयुक्त सैन्य कार्रवाई में भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना ने मिलकर 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। सूत्रों के मुताबिक इस एयरस्ट्राइक में अब तक 90 से ज्यादा लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी और उनके हैंडलर मारे जा चुके हैं, और यह संख्या और बढ़ने की संभावना है।
भारतीय वायुसेना के फाइटर जेट्स ने पाकिस्तान और POK में स्थित जिन ठिकानों को निशाना बनाया, वे क्षेत्र के कुछ सबसे पुराने और बड़े आतंकी प्रशिक्षण केंद्र माने जाते हैं। इन अड्डों के ध्वस्त होने से आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
गौरतलब है कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कई जवान शहीद हुए थे। इसके बाद भारत सरकार ने स्पष्ट कर दिया था कि इस हमले का जवाब कड़ा और निर्णायक होगा। इसी संकल्प को पूरा करते हुए “ऑपरेशन सिंदूर” को अंजाम दिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इस सैन्य कार्रवाई की रात भर निगरानी की और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों व सैन्य कमांडरों के साथ लगातार संपर्क में रहे। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री की सक्रिय भागीदारी ने अभियान की गंभीरता और आतंक के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति को और मजबूती से दुनिया के सामने रखा।
भारतीय सेना के प्रवक्ता ने ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए कहा कि यह हमला पूरी तरह केंद्रित और मापे गए तरीके से किया गया, ताकि आतंकी ढांचे को जड़ से उखाड़ा जा सके।
इस सैन्य कार्रवाई के बाद देश में खुशी और गर्व का माहौल है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह ऑपरेशन क्षेत्र में आतंकवाद के खिलाफ भारत की आक्रामक रणनीति का स्पष्ट संकेत है।


















