रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक विद्यालय सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के रद्द किए गए विषयों की पुनर्परीक्षा अब 28 मई 2025 को आयोजित की जाएगी। आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए लिंक भी जारी कर दिया है। वैध अभ्यर्थी अपनी पंजीयन संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर रांची जिला स्थित केंद्रों के लिए प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग के अनुसार, इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) पद के पत्र-दो अंतर्गत पंचपरगनिया, कुरमाली और हो भाषा, तथा स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) पद के पत्र-चार अंतर्गत उर्दू विषय की परीक्षा पूर्व में पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न पूछे जाने के कारण रद्द कर दी गई थी। इस निर्णय की समीक्षा झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर विशेषज्ञ समिति द्वारा की गई, जिसके बाद उक्त विषयों की परीक्षा को रद्द करते हुए पुनर्परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
पुनर्परीक्षा केवल रांची जिला मुख्यालय के विभिन्न केंद्रों पर ही संपन्न कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों से अपील:
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और परीक्षा के दिन केंद्र पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित हों।







