रांची: रांची के बड़ा तालाब में बुधवार सुबह एक युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव को सबसे पहले वहां से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
मृतका की पहचान प्रशंसा कुमारी (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के मधुकम की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात प्रशंसा की अपनी मां से कहासुनी हो गई थी। मां ने उसे रात 11 बजे मोबाइल देखने से मना किया था, जिससे नाराज होकर वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई।
मुख्य बिंदु:
मोबाइल को लेकर नाराज होकर युवती ने छोड़ा था घर
बड़ा तालाब में मिला शव
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन से शुरू की थी तलाश
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया
मौत के कारणों की जांच जारी
परिजन पूरी रात और मंगलवार दिन भर उसकी तलाश करते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मोबाइल लोकेशन ट्रेस करवाने पर पता चला कि उसका फोन बड़ा तालाब क्षेत्र में सक्रिय था। पुलिस और परिजन तालाब के आसपास उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब में एक शव देखा और पुलिस को सूचना दी। शव की पहचान प्रशंसा के रूप में हुई। कोतवाली थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि परिजनों ने झगड़े की वजह सिर्फ मोबाइल को बताया है। अन्य कोई जानकारी नहीं दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


















