नौबतपुर : बिहार के नौबतपुर में किसानों ने बियाडा द्वारा किए जा रहे भूमि अधिग्रहण के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। चर्रा गांव के पास दुर्गा मंदिर के समीप आयोजित एकदिवसीय बैठक में किसानों ने निर्णय लिया कि वे किसी भी कीमत पर अपनी ज़मीन सरकार को नहीं देंगे। पटना के नौबतपुर प्रखंड स्थित चर्रा गांव में रविवार को किसानों ने बियाडा के भूमि अधिग्रहण के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। चर्रा दुर्गा मंदिर के पास आयोजित एकदिवसीय बैठक में गोनवां, करणपुरा, बथानी, कालापुर और खासपुर जैसे कई गांवों के किसान बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बियाडा इंडस्ट्रियल पार्क के नाम पर लगभग 538 एकड़ भूमि का अधिग्रहण करना चाहती है – किसान
किसानों का कहना है कि बियाडा इंडस्ट्रियल पार्क के नाम पर लगभग 538 एकड़ भूमि का अधिग्रहण करना चाहती है, जो पूरी तरह से गैरवाजिब और जबरन किया जा रहा है। सरकार ने पहले भी बिहटा-सरमेरा और पटना-सासाराम सड़क निर्माण के नाम पर हमारी जमीन ली है। अब बियाडा के नाम पर हमारी जमीन कंपनियों को देना चाहती है। हम ऐसा नहीं होने देंगे। हम अपनी जमीन किसी भी कीमत पर नहीं देंगे। अगर जबरदस्ती हुई तो हम जान देने को तैयार हैं। पहले भी बहुत कुछ दे चुके हैं, अब और नहीं।
यह भी देखें :
‘सरकार ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को नहीं रोका, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे’
किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को नहीं रोका तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका साफ कहना है कि ज़मीन हमारी है और इसे छीनने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल किसानों का विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन चेतावनियों के मद्देनजर प्रशासन के लिए यह एक गंभीर संकेत है। देखना होगा कि सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है।
यह भी पढ़े : चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी का बड़ा बयान, कहा – CM नीतीश कुमार ने अतिपिछड़ों को दी असली पहचान…
अवनीश कुमार की रिपोर्ट



















