Ranchi: नशे में धुत एक कार चालक ने पलामू जज की कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में गाड़ी को भारी क्षति हुई, हालांकि कार में सवार दंपती बाल-बाल बच गए। घटना 24 मई की रात करीब 11:40 बजे की है, जब न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम रोजलीना बाड़ा अपने पति संजय होरो के साथ कार (JH-01EC-2993) से विमला पुल सेक्टर से लौटकर मेकन कॉलोनी स्थित अपने आवास जा रही थी।
इसी दौरान हवाई नगर रोड नंबर-2 के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक कार (JH-10CA-2204) ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिसके बाद रोजलीना बाड़ा ने जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है और आरोप लगाया है कि टक्कर मारने वाला चालक नशे में था और तेज गति से वाहन चला रहा था। टक्कर से दंडाधिकारी की कार का डिक्की पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।


















