Dhanbad: जिला पुलिस को अपराध पर लगाम लगाने में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बैंक मोड़ थाना क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी में डकैती की योजना बना रहे चार शातिर अपराधियों को पुलिस ने हथियारों के साथ धर दबोचा। अपराधियों के पास से दो देसी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, तीन स्मार्टफोन और दो बाइक बरामद की गई हैं।
गिरोह का सरगना पुरुलिया जेल में बंद
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि गुप्त सूचना के आधार पर माइक्रो फाइनेंस कंपनी में डकैती की योजना बना रहे अपराधियों की घेराबंदी कर गिरफ्तारी की गई। पकड़े गए अपराधियों ने बताया कि वे पुरुलिया जेल में बंद कुख्यात अपराधी गुड्डू उर्फ ओम प्रकाश प्रसाद के निर्देश पर इस डकैती को अंजाम देने आए थे।
Dhanbad: गिरोह के तीन अन्य सदस्य जो बिहार से धनबाद आने की कोशिश में थे, उन्हें बिहार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरोह का इतिहास भी आपराधिक रहा है। अगस्त 2023 में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में सेनको गोल्ड ज्वेलरी शॉप से 8 करोड़ रुपये की डकैती इसी गिरोह ने की थी। इस गिरोह का दूसरा प्रमुख सदस्य करमजीत सिंह सिद्ध भी इस बार धनबाद में गिरफ्तार हुआ है। धनबाद पुलिस की यह कार्रवाई जिले में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
रिपोर्टः अनिल कुमार


















