रांची. झारखण्ड केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूजे) रांची में 2025-26 सत्र में स्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रमों (यूजी कोर्सों) में नामांकन के लिए नामांकन प्रक्रिया (रजिस्ट्रेशन) 15 जुलाई से शुरू होगी, जो 26 जुलाई 2025 तक चलेगी। सभी उम्मीदवार जो संबंधित कार्यक्रम के संबंधित विषय में सीयूईटी (यूजी) -2025 प्रवेश परीक्षा में उपस्थित हुए हैं और जिनके पास वैध सीयूईटी स्कोर है, वे सीयूजे में प्रवेश लेने के इच्छुक उम्मीदवार इस रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
नामांकन प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, प्रो. गजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि इस वर्ष झारखण्ड केन्द्रीय विश्वविद्यालय, रांची में कुल 19 स्नातक पाठ्यक्रमों (यूजी कोर्सों) में नामांकन होंगे, जिसके लिए कुल सीटों की संख्या 634 है। नामांकन के लिए उपलब्ध कार्यक्रम इस प्रकार हैं-
- चार वर्षीय बी. एस.सी- जियोग्राफी (भूगोल), पर्यावरण विज्ञान, जीवन विज्ञान (लाइफ साइंस), भौतिक विज्ञान (फिजिक्स), गणित, रसायन विज्ञान (कैमिस्ट्री)।
- चार वर्षीय बी.ए. – जन संचार (मास कम्युनिकेशन), अंग्रेजी, हिंदी, कोरियन भाषा, चीनी भाषा (चाइनीज), राजनीतिक विज्ञान, एंथ्रोपॉलजी (मानव विज्ञान शास्त्र), और अर्थशास्त्र।
- चार वर्षीय बी. कॉम।
- चार वर्षीय बी. टेक – कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मेटेलर्जिकल एंड मटेरियल इंजीनियरिंग
यूजी एडमिशन के संयोजक, डॉ. प्रवीण शर्मा ने कहा कि जो उम्मीदवार सीयूजे में प्रवेश के लिए आवश्यक पात्रता मानदंडों को पूरा करते हैं वे अपने कैटेगरी के अनुसार निम्लिखित नामांकन शुल्क अदा करके प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकते हैं।
- 800 रुपये (यूआर/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए),
- 400 रुपये (एससी / एसटी उम्मीदवारों के लिए)
- 200 रुपये (डीएपी (पीडब्ल्यूडी) और सभी श्रेणियों की महिला उम्मीदवारों के लिए।
उन्होंने आगे कहा कि सभी उम्मीदवार यह गैर-वापसी योग्य पंजीकरण शुल्क का भुगतान करके ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। एक बार भुगतान किया गया पंजीकरण शुल्क किसी भी परिस्थिति में वापस नहीं किया जाएगा। यह शुल्क प्रत्येक उम्मीदवार द्वारा तीन कार्यक्रमों में पंजीकरण के लिए मान्य होगा। पंजीकरण लिंक 15.7.2025 से 26.07.2025 तक सीयूजे के वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा।
प्रो. गजेंद्र प्रसाद सिंह ने आगे अभ्यर्थियों को सलाह दी कि इच्छुक अभ्यर्थी जो सीयूजे में स्नातक में नामांकन लेना चाहते हैं वे दिनांक 26 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन वेबसाइट www.cuj.ac.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश और चयन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड का विवरण इत्यादि विश्वविद्यालय के वेबसाइट www.cuj.ac.in पर उपलब्ध है। इसके अलावा अभ्यर्थियों के लिए वेबसाइट पर हेल्पलाइन नंबर (9304953725/9304953735; समय 11.00 बजे दिन से शाम 4.30 तक) और ईमेल (admissionhelpdesk@cuj.ac.in) भी दिए गए हैं, जिससे उन्हें सही तरीके से नामांकन करने में सहायता प्रदान की जाएगी।


















