छह बोरा देशी शराब बरामद
छपरा : सांसद निधि से प्राप्त एम्बुलेंस से शराब की तस्करी का बड़ा मामला छपरा में सामने आया है. जिस एम्बुलेंस से मरीज को अस्पताल पहुंचाना था उस एम्बुलेंस से नशेड़ियों और शराबियों की खुराक पहुंचाने का काम किया जा रहा है. भगवान बाजार थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक एम्बुलेंस को थाना क्षेत्र के श्यामचक इलाके में पकड़ा और उसकी तलाशी ली.
तलाशी के क्रम में चादर के नीचे छह बोरा देशी शराब बरामद हुआ. चालक को तत्काल हिरासत में ले लिया गया है. एम्बुलेंस को जब्त कर थाना लेकर पुलिस आ गई है. जहाँ उससे पूछताछ करने के पश्चात डोरीगंज थाना क्षेत्र के कोटवा रामपट्टी पंचायत के मुखिया जयप्रकाश सिंह सहित दो नामजद और एक अज्ञात के विरुद्ध मद्य निषेध की धारा में मामला दर्ज कर लिया गया है.
पकड़ी गई एम्बुलेंस सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी के सांसद निधि से 2019 में खरीदकर पंचायतों में मुखिया को सुपुर्द किया गया था, ताकि ग्रामीण इलाकों से बीमार लोगों को स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचाने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. लेकिन हुआ उलट, स्वास्थ्य समस्या से छुटकारे के लिए उपलब्ध कराए गए एम्बुलेंस से स्वास्थ्य के सबसे बड़े दुश्मन को ढोने का काम किया जाने लगा है.
इस मामले पर भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने भी मीडिया के समक्ष अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि प्रशासन को बहुत-बहुत बधाई, जो गलत कार्य में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर सफलता प्राप्त की है. ऐसे लोग जो समाजसेवा का सहारा लेकर गलत कार्य करते हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
कांटा टोली चौक पर जाम में फंसी महिला का एम्बुलेंस में हुआ प्रसव
Highlights


















