कैमूर : कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब चुलाई का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला पुलिस की ओर से चलाई जा रही छापामारी अभियान में लगातार अवैध शराब भट्ठी संचालन का उदभेदन होता रहा है। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद शराब कारोबारी अपना गौरखधंधा तू डाल-डाल तो मैं पात-पात की तर्ज पर चला ही रहे हैं। रविवार को भी चैनपुर थाना की पुलिस के सहयोग से किए गए छापामारी में एक शराब भट्ठी के संचालन का उदभेदन किया है। भट्ठी को नष्ट करते हुए तैयार शराब को जब्त किया गया और अन्य सामग्रियों को नष्ट कर दिया गया।
150 लीटर शराब बरामद
दरअसल, कैमूर जिले के पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा को सूचना मिली थी कि चैनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ियों में व्यापक पैमाने पर महुआ शराब का उत्पादन किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चैनपुर थाना की पुलिस ने छापामारी किया। पहाड़ियों में संचालित अवैध शराब भट्टी पर पुलिस द्वारा छापामारी के दौरान 300 लीटर जावा महुआ और 150 लीटर चुलाई महुआ शराब बरामद किया गया। इसके साथ ही दल ने शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले अन्य सामग्रियों को नष्ट कर दिया। ड्रम व कई बर्तन को भी जब्त किया गया।
पहाड़ियों में छापामारी, एक गिरफ्तार
इस दौरान थाना की पुलिस ने संचालक थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी स्वर्गीय लाल बिहारी राम का पुत्र रामआधार राम को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक प्रक्रिया के बाद गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसकी जानकारी देते हुए चैनपुर थाना प्रभारी रणवीर कुमार ने बताया कि फरार भट्टी संचालक के विरुद्ध उत्पाद वाद दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।
विवेक कुमार सिन्हा की रिपोर्ट
Highlights







