कोडरमाः झारखंड के नए विधानसभा में नमाज पढ़ने के लिए अलग कमरा आवंटित किए जाने का मामला राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर भाजपा ने हेमंत सरकार के खिलाफ हमलावर रुख अख्तियार कर लिया है।
कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया है और कहा कि जब तक कमरा आवंटन के आदेश को वापस नहीं लिया जाएगा, भाजपा का विरोध जारी रहेगा। एक खास समुदाय के प्रति अपना झुकाव दिखा कर हेमंत सरकार ने लोकतंत्र पर हमला किया है।
नीरा यादव ने कहा कि देश के सभी राज्यों में धार्मिक स्थलों को खोल दिया गया है, लेकिन झारखंड में कोरोना का हवाला देकर सरकार धार्मिक स्थलों को बंद रखे हुए हैं।
झारखंड में उर्दू को द्वितीय भाषा का दर्जा दिए जाने पर सवाल खड़े करते हुए नीरा यादव ने कहा कि हिंदी और संस्कृत जैसे देव तुल्य भाषा की जगह उर्दू को स्वीकार नहीं किया जा सकता। जब से हेमंत सरकार सत्ता में आई है, धर्मांतरण के मामले बढ़े हैं।
रिपोर्टः कुमार अमित
Highlights

















