पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री पंचायती राज और मत्स्य पालन पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने आज संयुक्त रूप से मत्स्य विकास भवन मीठापुर के भूतल पर राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड (NFDB) हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय का शिलापट्ट अनावरण कर और फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् एनएफडीबी हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं के बारे में मुख्यमंत्री ने जानकारी ली। साथ ही वहां लगाए गए प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा- देश के यशस्वी PM नरेंद्र मोदी का बिहार की जनता की तरफ से विशेष तौर पर बधाई एवं धन्यवाद देता हूं
मत्स्य विकास भवन, मीठापुर के परिसर में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करने के पश्चात् मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार की जनता की तरफ से विशेष तौर पर बधाई एवं धन्यवाद देता हूं कि आज केंद्र सरकार की तीन-तीन योजनाओं का अलग-अलग जगहों पर शिलान्यास एवं उद्घाटन करने का मुझे मौका मिला है। गयाजी में टेक्नोलॉजी पार्क का शिलान्यास, भोजपुर में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का शिलान्यास व मीठापुर पटना में एनएफडीबी हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन करने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मैं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को धन्यवाद देता हूं कि वे बिहार की आवाज बनकर काम कर रहे हैं और बिहार का हक दिलाने के लिए लगातार प्रयास करते रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा- ललन सिंह ने कहा है कि बिहार में मछली के उत्पादन में वृद्धि के लिए हमारा विभाग कम दर पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए बिहार को तैयार है
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा है कि बिहार में मछली के उत्पादन में वृद्धि के लिए हमारा विभाग कम दर पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए बिहार को तैयार है। हमने उनसे कहा है कि इसके लिए हमारे अधिकारी काम करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में नीली क्रांति, सफेद क्रांति, कृषि क्रांति एवं कृषि रोडमैप के द्वारा बिहार में किसानों, पशुपालकों एवं मत्स्यपालकों के हित के लिए कई कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में मछली खाने के लिए नहीं मिलता था। बिहार मछली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। अब बिहार के मत्स्यपालक 95 प्रतिशत मछली उत्पादन कर यहां राज्यवासियों को उपलब्ध करा रहे हैं लेकिन हमलोगों को दुनिया को मछली निर्यात करना है। बगल के झारखंड राज्य एवं नेपाल देश में अपने राज्य की मछली उपलब्ध कराना है। बिना कांटे वाले और उत्तम क्वालिटी के मछली का उत्पादन कर देश-विदेश में मछली लोगों तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा- प्रत्येक पंचायत एवं प्रखंड में मछली उत्पादन को बढ़ावा देना है
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पंचायत एवं प्रखंड में मछली उत्पादन को बढ़ावा देना है। ग्रामीण क्षेत्र में हाट के कॉन्सेप्ट पर दूध, सब्जी, मछली एक साथ बिक्री करने की योजना पर काम करना होगा ताकि किसानों को इसका सीधा लाभ मिले। सहकारिता विभाग की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। सहकारिता समितियों के माध्यम से मछली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित कर काम कर सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग कार्यक्रम के माध्यम से आम आदमी की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। लोगों की समस्याओं का आवेदन का 30वें दिन तक निपटारा नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारी स्वतः निलंबित हो जाएंगे। उद्योग लगाने वालों के लिए सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है। अब तय किया गया है कि उद्योग लगाने के लिए आवेदन करने वालों का 30 दिनों के अंदर अगर लाइसेंस नहीं मिलता है तो 31वां दिन स्वतः लाइसेंस मिल जाएगा।

बिहार विकास की राह पर है, बिहार व झारखंड का बंटवारा हुआ, इसके बाद बिहार को काफी संघर्ष करना पड़ा है – सम्राट चौधरी
उन्होंने कहा कि बिहार विकास की राह पर है। बिहार और झारखंड का बंटवारा हुआ, इसके बाद बिहार को काफी संघर्ष करना पड़ा है लेकिन 2024-25 का बजट पेश करते समय मैं वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री था। हमारे बजट पेश करने के एक घंटा पहले झारखंड राज्य ने एक लाख 39 हजार करोड़ रुपए का बजट पेश किया, जबकि बिहार ने तीन लाख 17 हजार करोड़ रुपए का बजट पेश किया। इससे अंदाजा लगा सकते हैं कि बिहार कितनी तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह बदला हुआ बिहार है। सभी क्षेत्रों में कार्य किए जा रहे हैं। उद्योग, डिफेंस सेक्टर, सेमीकंडक्टर, टूरिज्म व आईटी सभी क्षेत्रों के लिए दरवाजे खोल दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा- पटनावासियों को 15 जुलाई से मात्र 2100 में हेलीकॉप्टर से लोगों को पटना का सैर कराएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटनावासियों को 15 जुलाई से मात्र 2100 रुपए में हेलीकॉप्टर से लोगों को पटना का सैर कराएंगे। इसके अलावा राजगीर, मुंडेश्वरी माता का मंदिर, तुतला भवानी का मंदिर, उस क्षेत्र का वाटरफॉल, वाल्मीकिनगर टाईगर रिजर्व एरिया का छह हजार रुपए में हेलीकॉप्टर से सैर कराएंगे। इस खर्च के अलावा बिहार सरकार भी अपना उसमें पैसा खर्च करेगी। बिहार के कई जिलों में तालाबों की संख्या है, उसे विकसित कर नीचे मछली और ऊपर पावर सोलर का उत्पादन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को हम सब मिलकर पूरा करेंगे। आज एनएफडीबी हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन हुआ है। इसका सीधा लाभ बिहार की जनता को मिलेगा और राज्य के मत्स्यपालन को गति मिलेगी।

CM के साथ केंद्रीय मंत्री, मंत्री के अलावा कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री पंचायती राज और मत्स्य पालन पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, सचिव, मत्स्यपालन भारत सरकार डॉ. अभिलक्ष लिखी, एनएफडीबी हैदराबाद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार बेहरा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक रत्नेश कुशवाहा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, फिशरीज के निदेशक तुषार सिंगला, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री ने कहा- भोजपुर जिले के उदवंतनगर में 32 एकड़ क्षेत्र में होगा इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का निर्माण
Highlights


















