Bokaro: देशभर में फिटनेस को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे फिट इंडिया मूवमेंट के तहत डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 ने रविवार को एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया। “फिट हैं तो हिट है” के नारे के साथ निकली यह रैली न सिर्फ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर चली, बल्कि पूरे शहर में फिटनेस का उत्सव बनकर उभरी।
यह रैली स्कूल परिसर से शुरू होकर अंबेडकर चौक, बीजीएच, श्री कृष्णा सिंह चौक, एलआईसी मोड़, गांधी चौक, बोकारो मॉल और जय जवान पेट्रोल पंप होते हुए वापस स्कूल पहुंची। पूरे मार्ग में रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
Bokaro: इस आयोजन में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, छात्र और छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागी साइकिल चलाते हुए “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन बसता है” की भावना को जन-जन तक पहुंचा रहे थे। रैली में उत्साह और ऊर्जा का माहौल ऐसा था कि यह किसी उत्सव की तरह प्रतीत हो रहा था।
शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में अनुशासन, एकता, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को भी विकसित करती हैं। साथ ही यह आयोजन छात्रों को डिजिटल दुनिया से बाहर निकलकर शारीरिक रूप से सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है।
रिपोर्टः चुमन कुमार



















