पटना : भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कल यानी शुक्रवार को बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में हो रहे उपचुनाव में सभी चार सीटों पर ‘इंडिया’ गठबंधन की जीत होगी। दीपांकर ने कहा कि झारखंड चुनाव में मुख्य मुद्दा स्थानीयता और रोजगार है। दीपांकर भट्टाचार्य ने यहां एक प्रेसवार्ता में कहा कि झारखंड में पलायन, रोजगार और औद्योगिक विकास जैसे बुनियादी सवालों पर चर्चा करने के बजाए बीजेपी अपनी नफरती बयानबाजी के जरिए अविश्वास का माहौल बनाना चाहती है।
बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर दीपांकर ने क्या कहा?
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि बांग्लादेश से हो रहे तथाकथित घुसपैठ को मुद्दा बनाकर बीजेपी बांग्ला भाषियों और मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैला रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की 81 में 78 सीटों पर हमारे बीच पूर्ण तालमेल है। पूर्ण तालमेल के तहत भाकपा (माले) तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है, लेकिन राजधनवार में यह एकता नहीं हो सकी है। राजधनवार की सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जरिए उम्मीदवार खड़ा करना दुर्भाग्यपूर्ण है, फिर भी राज्य में ‘इंडिया’ गठबंधन एक होकर चुनाव के मैदान में है।
यह भी देखें :
भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली बार भाकपा-माले को माकपा और अन्य वाम दलों का समर्थन मिला है। पश्चिम बंगाल में छह सीटों पर हो रहे उपचुनाव में नैहाटी सीट पर भाकपा-माले प्रत्याशी को वामपंथी दलों का समर्थन है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इससे पश्चिम बंगाल में वामपंथी एकता को एक नई ताकत मिलेगी। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प की जीत को लेकर उन्होंने कहा कि यह आर्थिक संकट का परिणाम है। उनकी जीत से गाजा सहित पूरी दुनिया में शांति और न्याय की उम्मीद रखने वाली ताकतों को धक्का लगा है।
यह भी पढ़े : दीपांकर भट्टाचार्य के नेतृत्व में नवादा से माले ने शुरू की पदयात्रा
Highlights







