पटना : खूब सियासत के बाद आखिरकार 10 सर्कुलर रोड बंगले को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी व पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने खाली कर दिया। करीब 20 साल बाद राबड़ी देवी का यह आवास खाली हुआ है। अब राबड़ी देवी अपने परिवार के साथ कौटिल्य नगर स्थित आवास में शिफ्ट हो गई हैं। यह निजी आवास है जहां राबड़ी देवी अपने परिवार के साथ शिफ्ट हुई हैं। उन्हें सरकार की ओर से हार्डिंग रोड स्थित 39 नंबर बंगला अलॉट हुआ है लेकिन यहां वे नहीं गई हैं। गौरतलब हो कि 22 जून को भवन निर्माण विभाग ने नोटिस जारी कर सात दिनों में आवास खाली करने का आदेश जारी किया था।
कौटिल्य नगर में शिफ्ट हुआ परिवार
जानकारी के मुताबिक, राबड़ी देवी और लालू परिवार अब पटना के कौटिल्य नगर स्थित नए आवास में शिफ्ट हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों से सामान स्थानांतरित करने का काम चल रहा था, जिसके बाद अब सरकारी आवास को खाली कर दिया गया है।
अभी नहीं हुआ हैंडओवर
सूत्रों के अनुसार, 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास को अभी औपचारिक रूप से भवन निर्माण विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है। परिसर में अभी भी कुछ वाहन और घरेलू सामान मौजूद हैं। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आवास का आधिकारिक कब्जा सरकार को सौंपा जाएगा।
नेता विरोधी दल राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवास साल 2006 में आवंटित हुआ था
बतौर नेता विरोधी दल राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवास साल 2006 में आवंटित हुआ था। बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रही सरकार पर इस बंगले को खाली कराने का आरोप लग रहा था। लालू यादव के परिवार ने इस बंगले में रहते हुए राजनीति में कई छोटे और बड़े उतार-चढ़ाव देखे हैं। राबड़ी जब बिहार विधान परिषद की नेता विरोधी दल बनीं उस दौरान इस बंगले में आई थीं। इसी बंगले में रहते हुए तेजस्वी यादव बिहार के उपमुख्यमंत्री बने थे।
सरकारी आवास में शिफ्ट हुए तेजस्वी यादव
जानकारी के अनुसार, लालू यादव और राबड़ी देवी कौटिल्य नगर वाले घर में शिफ्ट हुए हैं। जबकि तेजस्वी यादव का परिवार यानी कि उनकी पत्नी और बच्चे एक पोलो रोड वाले सरकारी आवास में शिफ्ट हुए हैं। तेजस्वी के लिए सत्ता हो या विपक्ष दोनों ही पड़ाव पर यह बंगला खास रहा था। बता दें कि बिहार हो या देश के अन्य प्रदेश, कोई भी बड़ा राजनीतिक परिवार अगर किसी बंगले को छोड़ा है तो खूब विवाद हुआ है। 10 सर्कुलर रोड बंगले में राबड़ी देवी के बाद अब भाजपा के मंत्री नंदकिशोर राम इस बंगले में रहने आएंगे।
यह भी पढ़े : राबड़ी आवास से शिफ्टिंग तेज, बागवानी में लगे पेड़-पौधों को भी दूसरी जगह किया जा रहा है शिफ्ट
Highlights


















