रांची: राजधानी रांची में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। ट्रैफिक थाना लालपुर में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मी मदन सिंह से साइबर अपराधियों ने 3 लाख 20 हजार रुपए की ठगी कर ली। मदन सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं और फिलहाल बिरसा चौक स्थित गैमन गली में किराये के मकान में रह रहे हैं।
मदन सिंह ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि उनके मोबाइल पर एक शख्स ने संपर्क कर खुद को आनंद सिंह बताया और कहा कि वह दुबई में रहता है तथा जल्द ही गांव आने वाला है। आरोपी ने गिफ्ट में घड़ी लाने और पैसे भेजने के नाम पर मदन से उनका बैंक खाता नंबर ले लिया। बाद में ट्रांजेक्शन स्लिप भेजकर विश्वास में लिया और कहा कि ट्रैवल एजेंसी ने उसे पकड़ लिया है। मदद नहीं करने पर आत्महत्या करने की धमकी भी दी।
आरोपी ने एक कथित ट्रैवल एजेंट का नंबर भी दिया। घबराकर मदन ने व्हाट्सएप कॉल कर बात की और फिर डर के कारण अलग-अलग माध्यम से 3 लाख 20 हजार रुपए विभिन्न खातों में भेज दिए। कुछ समय बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं।
साइबर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।







