रांची: मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना के तहत जनवरी और फरवरी माह की राशि का इंतजार कर रही लगभग 56 लाख लाभुक महिलाओं के लिए राहतभरी खबर है। प्रभारी मंत्री चमरा लिंडा ने गुरुवार को विधानसभा में घोषणा की कि इन दोनों माह की एकमुश्त राशि होली से पहले लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी।
विधानसभा में चर्चा के दौरान मंत्री ने शुरू में 15 मार्च तक राशि जारी करने की बात कही थी। लेकिन भाजपा विधायक सीपी सिंह ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि यह राशि होली से पहले दी जाती तो महिलाएं त्योहार पर पुआ-धुसका बना सकती थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार होली के बजाय ईद के पहले राशि देने की योजना बना रही है। इसके बाद मंत्री ने स्पष्ट किया कि लाभुकों को होली से पहले ही राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।
इसके अलावा, भाजपा विधायकों ने विधवा और दिव्यांग पेंशन को लेकर भी सरकार को घेरने की कोशिश की। विधायक सीपी सिंह ने सवाल उठाया कि विधवाओं और दिव्यांगों को केवल 1,000 रुपये ही पेंशन क्यों दी जा रही है, जबकि अन्य को 2,500 रुपये मिलते हैं। इसपर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि राज्य में विधवापन समाप्त हो और महिलाओं का पुनर्विवाह हो सके। इसके लिए सरकार विधवाओं को पुनर्विवाह के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान करती है।
सरकार की इस घोषणा से लाभुक महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी और वे होली का त्योहार आर्थिक चिंता से मुक्त होकर मना सकेंगी।



















