दिल्लीः नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गृहमंत्री अमित शाह ने बैठक की जिसमे वामपंथी उग्रवाद पर समीक्षा हुई. इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु केंद्र और राज्यों के बीच और बेहतर समन्वय पर बल दिया गया. बैठक देश की राजधानी दिल्ली में हुई है. बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने नक्सल प्रभावित इलाकों के विकास के लिए 1200 करोड़ रुपए की मांग रखी है. उद्धव ठाकरे ने कहा है कि दूर दराज के इलाके में मोबाइल टॉवर को मजबूत करने पर यह राशि खर्च होगी.
गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को एक बड़ा खतरा बताते हुए सख्त कार्रवाई करने की बात कही है. सुबह 10 बजे बैठक की शुरुआत हुई जो करीब तीन घंटे तक चली. इस बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बंगाल के मुख्य सचिव शामिल हुए.


















