प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीष और सिंहराज को दी बधाई
भारत के पदकों की संख्या अब 15 हो गई है
टोक्यो : भारतीय पैराशूटर्स ने टोक्यो पैरालंपिक की शूटिंग में कमाल कर दिया है। भारतीय खिलाड़ी मनीष नरवाल ने गोल्ड पर कब्जा किया, जबकि सिंहराज ने सिल्वर जीता। पी4 मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएस-1 फाइनल में मनीष नरवाल ने 218.2 का स्कोर कर पहला स्थान हासिल किया। सिंहराज (216.7) दूसरे स्थान पर रहे। भारत के पदकों की संख्या अब 15 हो गई है।
ये दोनों पैरा शूटर्स फरीदाबाद के हरने वाले हैं। क्वालिफिकेशन में सिंहराज 536 अंकों के साथ चौथे स्थान पर थे, जबकि मनीष नरवाल (533) सातवें नंबर पर रहे थे. इसके साथ ही टोक्यो पैरालंपिक में 19 साल के मनीष नरवाल ने तीसरा गोल्ड मेडल दिलाया। इससे पहले अवनि लखेरा और सुमित अंतिल ने स्वर्ण पदक दिलाया था।
पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- टोक्यो पैरालिंपिक से गौरवपूर्ण प्रदर्शन जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीष और सिंहराज को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया- टोक्यो पैरालिंपिक से गौरवपूर्ण प्रदर्शन जारी है। युवा और बेहद प्रतिभावान मनीष नरवाल की शानदार उपलब्धि। उनका स्वर्ण पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है। उन्हें बधाई। आने वाले समय के लिए शुभकामनाएं।
इस पैरालंपिक में 39 साल के सिंहराज ने दूसरा मेडल हासिल किया। इससे पहले उन्हें 10मीटर एयर पिस्टल एसएच1 में कांस्य पदक मिला था।
मौजूदा पैरालंपिक में भारत ने अब तक 15 पदक जीते हैं। भारत के खाते में अब 3 स्वर्ण, 7 रजत और 5 कांस्य पदक हैं। यह पैरालंपिक के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। रियो पैरालंपिक (2016) में भारत ने 2 स्वर्ण सहित 4 पदक जीते थे।
Highlights


















