Jamshedpur Encounter: सोनारी थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना मरीन ड्राइव स्थित फागु बाबा श्मशान घाट के पास करीब 3:30 बजे हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उडुपी रेस्टोरेंट फायरिंग मामले में शामिल बताए जा रहे दो आरोपी अजीत मंडल और मोहन यादव घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगी है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हथियार बरामद कराने पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, पुलिस दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर फागु बाबा श्मशान घाट के पास हथियार बरामद करने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पहले वहां एक लोडेड पिस्तौल फेंक दी थी। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों ने जब हथियार की बरामदगी कराई, उसी दौरान उन्होंने पिस्तौल उठा ली और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से बताया गया कि गोली चलाए जाने के बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान दोनों शूटरों के पैरों में गोली लगी।
अजीत के बाएं और मोहन के दाएं पैर में लगी गोली
मुठभेड़ में अजीत मंडल के बाएं पैर में, जबकि मोहन यादव के दाएं पैर में गोली लगी है। घटना के तुरंत बाद पुलिस दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची। दोनों को पुलिस हिरासत में रखा गया है। पुलिस उनकी गतिविधियों और पूर्व आपराधिक मामलों की भी जांच कर रही है।
मौके से दो पिस्टल बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद हथियारों में से एक का इस्तेमाल पुलिस पर फायरिंग के दौरान किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

उडुपी रेस्टोरेंट फायरिंग की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में झामुमो नेता डोमिनिक समेत चार लोगों पर हुई फायरिंग के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे। इसके साथ ही पुलिस आरोपितों को हथियार कहां से मिले और इस मामले में उनकी भूमिका क्या थी, इसकी भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें: Bihar Flood 2026: बिहार बाढ़ पर CM सम्राट चौधरी का बड़ा निर्देश, 12 अक्टूबर को प्रभावित परिवारों को राहत


















