रांची की कनिका अनब बनीं देश की नंबर-1 IFS अफसर, UPSC में हासिल की ऑल इंडिया रैंक-1

1170
रांची की कनिका अनब बनीं देश की नंबर-1 IFS अफसर, UPSC में हासिल की ऑल इंडिया रैंक-1
रांची की कनिका अनब बनीं देश की नंबर-1 IFS अफसर, UPSC में हासिल की ऑल इंडिया रैंक-1
Advertisment

रांची: रांची की बेटी कनिका अनब ने भारतीय वन सेवा परीक्षा (IFS-2024) में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर पूरे देश में झारखंड और रांची का नाम रोशन कर दिया है। UPSC द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा में टॉप करना कोई आसान उपलब्धि नहीं, लेकिन कनिका ने यह सफलता रांची में रहकर ही मेहनत और समर्पण के बल पर हासिल की है।

Advertisment

कनिका जेवीएम श्यामली की वर्ष 2014 की पास आउट छात्रा हैं। स्कूल के बाद उन्होंने बायोलॉजी स्ट्रीम से पढ़ाई की और UPSC की इस कठिन परीक्षा के लिए तैयारियां शुरू कीं। यह उनका तीसरा प्रयास था और इससे पहले उन्हें दो बार असफलता का सामना भी करना पड़ा था। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करते हुए इस बार देश में टॉप रैंक हासिल कर ली।

हमारे सहयोगी अंजनी से बातचीत में कनिका ने कहा, “यह एग्जाम हर स्टेज पर काफी मेहनत मांगता है – प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू तीनों ही। पहले के समय में रांची में रहकर तैयारी करना थोड़ा मुश्किल होता था क्योंकि संसाधनों की कमी थी, लेकिन अब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की मदद से सारी चीज़ें उपलब्ध हैं। यूट्यूब और ऑनलाइन कोर्सेस से मुझे काफी मदद मिली।”

कनिका ने बताया कि उनकी इस सफलता में उनके माता-पिता का बहुत बड़ा योगदान रहा। उनके पिताजी झारखंड राज्य न्यायिक सेवा में हैं और ट्रांसफरेबल जॉब के कारण अक्सर बाहर रहते थे। ऐसे में उनकी मां और कनिका रांची में ही रहती थीं। कनिका कहती हैं, “मेरे माता-पिता ने हर समय मुझे भावनात्मक और मानसिक समर्थन दिया, खासकर तब जब मुझे असफलताओं का सामना करना पड़ा।”

इंटरव्यू के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उनसे झारखंड के संदर्भ में कुछ सवाल पूछे गए, जैसे कि जैव विविधता में गिरावट के कारण और आदिवासी समुदायों की समस्याओं को कैसे सुलझाया जा सकता है।

कनिका की मां ने भी बेटी की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है जो बड़े शहरों में जाकर तैयारी करते हैं लेकिन लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी ने घर पर रहकर मेहनत की और यह मुकाम हासिल किया, यह हर रांचीवासी के लिए गर्व की बात है।”

कनिका अनब की यह सफलता सिर्फ एक परीक्षा में टॉप करने की कहानी नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं को यह संदेश भी देती है कि समर्पण और सही मार्गदर्शन से बड़े सपने भी यहीं से पूरे किए जा सकते हैं।


Advertisement