Lohardaga: जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही ने एक बार फिर दो जिंदगियां छीन लीं। लोहरदगा सदर अस्पताल की लापरवाही के चलते नवदी गांव निवासी 28 वर्षीय गर्भवती ईन्की कुमारी और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। इस घटना ने लोहरदगा सदर अस्पताल और जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधक और पदाधिकारी भी नदारद नजर आए।
डाॅक्टर नदारद मिले
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर ईन्की कुमारी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। सहिया की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेन्हा ले जाया गया। वहां गंभीर हालत को देखते हुए महिला को लोहरदगा सदर अस्पताल रेफर किया गया।लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर मौजूद नहीं थे। नर्सों ने जांच कर बताया कि गर्भ में ही बच्चे की मौत हो चुकी है और महिला को तुरंत रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही महिला की भी मौत हो गई।
एंबुलेंस चालक बीच रास्ते छोड़ भागा
हैरानी की बात यह रही कि महिला की मौत के बाद 108 एंबुलेंस चालक शव को छोड़कर वहां से भाग गया। परिजनों ने किसी तरह निजी एंबुलेंस की व्यवस्था कर शव को सदर अस्पताल पहुंचाया और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
रिपोर्टः दानिश रजा


















