रांची: झारखंड में सिपाही भर्ती प्रक्रिया, नगर निकाय चुनाव और ओबीसी आरक्षण को लेकर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रही है और सभी प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से पूरा करने की दिशा में कदम उठा रही है।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि सिपाही भर्ती प्रक्रिया में कई तकनीकी खामियों को दूर किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में 10 किलोमीटर दौड़ की अनिवार्यता थी, जिससे कई अभ्यर्थियों को शारीरिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और कुछ अभ्यर्थियों की मृत्यु भी हुई। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए भर्ती नियमों में संशोधन किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि जो अभ्यर्थी पहले दौड़ में भाग ले चुके हैं, उनकी मेहनत व्यर्थ नहीं जाएगी। उनकी स्थिति यथावत बनी रहेगी और नियुक्ति प्रक्रिया कैबिनेट की स्वीकृति के बाद जल्द पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और वर्षों बाद भर्ती प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करने की दिशा में कार्य कर रही है।
निकाय चुनाव को लेकर मंत्री ने बताया कि 21 जिलों की रिपोर्ट आ चुकी है और शेष तीन जिलों की रिपोर्ट भी जल्द आ जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह कोई बड़ी चिंता का विषय नहीं है और सरकार इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।योगेंद्र प्रसाद ने यह भी कहा कि जब वह ओबीसी कमीशन में थे, तब ही निकाय चुनावों से जुड़े सभी मापदंड तय कर दिए गए थे। इसलिए बचे हुए जिलों की रिपोर्ट भी शीघ्र आ जाएगी और चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में कोई बाधा नहीं आएगी।
ओबीसी आरक्षण को लेकर मंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि जो लोग आज 27% आरक्षण को लेकर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं, उन्होंने ही सत्ता में रहते हुए इसे घटाकर 14% कर दिया था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने विधानसभा में 27% आरक्षण को पारित कर राज्यपाल के माध्यम से केंद्र सरकार तक भेज दिया है।
हालांकि, यह मामला अभी भी केंद्रीय गृह मंत्रालय में लंबित है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे भी इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय केंद्र सरकार से आग्रह करें कि प्रस्ताव को महामहिम राष्ट्रपति तक भेजा जाए, ताकि ओबीसी समुदाय को 27% आरक्षण का लाभ मिल सके।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि सरकार विपक्ष समेत सभी पक्षों को संतुष्ट करने में सफल रही है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों की सहमति से कई निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि सरकार जनता की अपेक्षाओं को पूरा कर रही है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है कि झारखंड में भर्ती प्रक्रियाएं निष्पक्ष तरीके से पूरी हों और निकाय चुनाव समय पर संपन्न हों।
Highlights


















