Ranchi– राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में लगने वाले सभी दुकान एक सप्ताह में फिर से खुल जाएगें, इसके साथ ही 6 महीने के भीतर सभी फुटकर दुकान और स्ट्रीट वेन्डरों को उचित स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाएगा. नगर आयुक्त मुकेश कुमार और मोरहाबादी दुकानदार संघ के अध्यक्ष कुमार रोशन एवं 4 सदस्य प्रतिनिधि मंडल के बीच बातचीत के बाद फिलहाल दुकान को चलाने की अनुमति दे दी गयी है.
बता दें कि राजधानी रांची का हाई प्रोफाइल इलाका मोरहाबादी में दिनदहाड़े गोलीमारी के बाद प्रशासन ने सभी फुटकर दुकानों को एक सप्ताह में हटाने का आदेश दिया था. इसके साथ ही विरोध की राजनीति शुरु हो गयी, विपक्षी दलों की ओर से भी इसे मुद्दा बना दिया गया.
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इसे प्रशासन की नाकामी बताते हुए कहा था कि प्रशासन अपनी नाकामी को छुपाने के लिए दुकानदारों को हटाने का आदेश दे रही है, प्रशासन के नाक के नीचे अपराधी गोलीबारी कर रहे हैं, हत्या को अंजाम दे रहे है. प्रशासन अपराधियों पर अंकुश लगाने के बजाय दुकानदारों को हटा रही है.
इसके साथ ही प्रशासन से मोरहाबादी मैदान में अपनी आजीविका चला रहे फुटकर दुकानदारों को कहीं और व्यवस्थित करने की मांग भी की गयी थी और इसके पक्ष में हाई कोर्ट के निर्णयों का हवाला दिया गया था.
रिपोर्ट- मदन/ करिश्मा


