रांची: राज्य में एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब की खुदरा बिक्री रोकने में विफल रहने पर उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को विभाग ने नौ उत्पाद दारोगा को निलंबित कर दिया। निलंबित अधिकारियों में रांची के प्रकाश मिश्र, दिलीप कुमार शर्मा, प्रदीप शर्मा, लोहरदगा के मंजूर आलम, बोकारो के सन्नी विवेक तिर्की, अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।
इन अधिकारियों पर आरोप है कि वरीय पदाधिकारियों के आदेशों के बावजूद उनके कार्यक्षेत्र में एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब की बिक्री जारी रही। निलंबन के साथ ही इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
दुकानों में जारी एमआरपी से अधिक कीमत पर बिक्री
रांची सहित राज्य के अन्य शहरों में कई शराब दुकानें अब भी एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बेच रही हैं। दुकानदारों में विभागीय कार्रवाई का कोई डर नहीं दिखता।
मिलावट मामले में निलंबित दारोगा पंकज कुमार को राहत
महाराजपुर की एक विदेशी शराब दुकान में शराब में मिलावट के आरोप में निलंबित किए गए दारोगा पंकज कुमार को विभाग ने निलंबन से मुक्त कर दिया है। हालांकि, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी। उन्हें सहायक आयुक्त उत्पाद कार्यालय, रांची में प्रतिनियुक्त किया गया है।
संकेत मात्र कार्रवाई?
विशेषज्ञों का मानना है कि यह कार्रवाई मात्र सांकेतिक है, क्योंकि राज्य में एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बिक्री और मिलावट के मामलों पर रोक लगाने में विभाग अब भी नाकाम दिख रहा है।


















